Site icon Dainik Savera Times

KKR के खिलाफ आउट होने के बाद भड़के विराट कोहली, अंपायर के फैसले से नाखुश दिखे ‘किंग’

कोलकाता: केकेआर के खिलाफ आउट होने के बाद अंपायर के फैसले से विराट कोहली नाराज नजर आए। अब इस पर विवाद खड़ा हो गया है और सोशल मीडिया पर भी फैंस अंपायर के फैसले की आलोचना कर रहे हैं। नो बॉल की ऊंचाई मापने के लिए नई हॉक-आई तक़नीक का रविवार को ईडन गार्डंस पर कोलकाता नाइट राइडर्स के ख़‍िलाफ़ आरसीबी के रन चेज़ में विराट कोहली के लिए इस्‍तेमाल किया गया।

223 रनों का पीछा करते हुए विराट कोहली 7 गेंद पर 18 रन बनाकर आउट हुए। तीसरे ओवर में हर्षित राणा की एक फ़ुल टॉस गेंद पर उन्‍होंने हर्षित को ही कैच थमा दिया। यह धीमी गति की गेंद थी, जिसे देखने से लग रहा था कि यह बल्‍लेबाज़ की ओर गिर रही थी, लेकिन जब कोहली का गेंद से संपर्क हुआ, तो यह उनकी कमर की ऊंचाई से ऊपर थी।

कोहली ने तुरंत ही डीआरएस लिया। कोहली का मानना था कि गेंद कमर के ऊपर आई है और इसे नो बॉल करार दिया जाना चाहिए। हालांकि टीवी अंपायर ने हॉक आई सिस्टम का सहारा लिया और उनके अनुसार कोहली क्रीज से आगे बढ़े थे, इसलिए कोहली को आउट दिया गया, लेकिन कोहली तीसरे अंपायर के फैसले से निराश हुए और पवेलियन में भी फैसले की आलोचना करते दिखे।

Exit mobile version