Virat Kohli: सोशल मीडिया की पिच पर विराट कोहली एक बार फिर नजर आने लगे हैं। कुछ घंटों की खामोशी और फैंस की बढ़ती बेचैनी के बाद उनका इंस्टाग्राम अकाउंट दोबारा एक्टिव हो गया है। शुक्रवार को अचानक विराट का अकाउंट गायब होने से सोशल मीडिया पर हलचल मच गई थी। 27 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स वाले सुपरस्टार का यूं अचानक इंस्टाग्राम से हट जाना हर किसी के लिए हैरान करने वाला था।

क्या हुआ था विराट के अकाउंट के साथ?
दिलचस्प बात ये है कि जैसे अकाउंट बंद होने की कोई आधिकारिक वजह सामने नहीं आई थी, वैसे ही अब वापसी पर भी चुप्पी बरकरार है। ना विराट कोहली ने इस बारे में कुछ कहा है और ना ही इंस्टाग्राम की तरफ से कोई सफाई दी गई है। तकनीकी गड़बड़ी या किसी अन्य कारण की भी अब तक पुष्टि नहीं हो पाई है। ऐसे में सवाल जस का तस है। आखिर विराट कोहली के इंस्टाग्राम अकाउंट के साथ हुआ क्या?
फैंस ने ली राहत की सांस
जैसे ही विराट का अकाउंट दोबारा दिखा, फैंस ने राहत महसूस की। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 274 मिलियन फॉलोअर्स हैं और उनकी वापसी किसी बड़ी खबर से कम नहीं थी। सोशल मीडिया पर ‘किंग इज़ बैक’ जैसे रिएक्शन्स की भरमार देखने को मिली। जब अकाउंट बंद हुआ था, तब फैंस की बेचैनी इस कदर बढ़ गई थी कि कई लोग मजाकिया अंदाज में अनुष्का शर्मा से पूछते नजर आए। उन्होंने पुछा- “विराट भइया कब वापस आएंगे?”
विराट के लिए इंस्टाग्राम क्यों है अहम?
विराट कोहली के लिए इंस्टाग्राम सिर्फ एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म नहीं है। यहां वह अपनी निजी जिंदगी की झलक दिखाने के साथ-साथ कई बड़े ब्रांड्स का प्रमोशन भी करते हैं। उनकी सोशल मीडिया मौजूदगी उनकी ब्रांड वैल्यू से सीधे जुड़ी हुई है। ऐसे में अकाउंट का अचानक बंद होना और फिर बिना किसी सफाई के लौट आना कई सवाल खड़े करता है।
फिलहाल विराट इंस्टाग्राम पर वापस तो आ चुके हैं, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम पर बनी चुप्पी ने सस्पेंस को और गहरा कर दिया है। अब फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स को इंतजार है उस पल का, जब इस रहस्य से पर्दा उठेगा।