नई दिल्ली: करीब 4 महीने विदेश में बिताने के बाद विराट कोहली मंगलवार को स्वदेश लौट आए हैं। 19 अक्तूबर से भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच वन डे सीरीज की शुरुआत होने जा रही है, जिसके लिए भारतीय खिलाड़ी जल्द ऑस्ट्रेलिया रवाना होंगे। विराट कोहली दिल्ली में अपने साथियों से जुड़ेंगे, जहां से भारतीय टीम बुधवार को पर्थ के लिए रवाना होगी। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के समापन के बाद विराट कोहली पत्नी अनुष्का शर्मा और अपने दोनों बच्चों के साथ लंदन रवाना हो गए थे।
विराट कोहली अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर टैस्ट और टी-20 फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं। उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। मार्च 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद से यह भारतीय जर्सी में उनकी पहली वन डे सीरीज होगी। विराट कोहली नवनियुक्त वनडे कप्तान शुभमन गिल के नेतृत्व में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर खेलेंगे। इस टीम में रोहित शर्मा भी मौजूद हैं। ये दोनों ही खिलाड़ी करीब 6 महीनों के बाद भारतीय वनडे टीम में वापसी करने जा रहे हैं।

