Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

विराट कोहली बोले, IPL ट्राफी जीतना कैसा महसूस होता है, यह जानना मेरा सपना है

March 20, 2024

विराट कोहली बोले, IPL ट्राफी जीतना कैसा महसूस होता है, यह जानना मेरा सपना है

बेंगलुरु: स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने मंगलवार को उम्मीद जतायी कि वे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) महिला डब्ल्यूपीएल की जीत की उपलब्धि का अनुकरण करने और 22 मार्च से शुरू होने वाले आगामी चरण में टीम की कैबिनेट में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) ट्रॉफी जोड़ने की कोशिश करेंगे।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने रविवार को दिल्ली कैपिटल्स को हराकर महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के दूसरे चरण में ही खिताब जीत लिया। लेकिन फ्रेंचाइजी की पुरुष टीम पिछले 16 वर्षों से खिताब जीतने के पल का इंतजार कर रही है।

एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में ‘आरसीबी अनबॉक्स’ कार्यक्रम के दौरान कोहली ने कहा, ‘‘उनका ट्राफी जीतना शानदार था। जब उन्होंने यह (डब्ल्यूपीएल) खिताब जीता तो हम देख रहे थे। उम्मीद है कि हम ट्रॉफियों को दोगुना करेंगे जो सच में बहुत खास होगा। ’’

विभिन्न पक्षों की लंबे समय से चली आ रहे अनुरोध पर ध्यान देते हुए इस साल आईपीएल से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर का नाम आधिकारिक तौर पर ‘रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु’ कर दिया गया है जो शहर की परंपरा के सम्मान का प्रतीक है।

कोहली का यह आईपीएल 2024 में आरसीबी के साथ 17वां चरण होगा। उन्होंने कहा कि वह इस साल आईपीएल ट्रॉफी जीतने के सपने को हकीकत में बदलने के लिए अपने कौशल और अनुभव पर निर्भर होंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘यह जानना मेरा सपना है कि आईपीएल ट्रॉफी जीतने का अहसास कैसा होता है। मैं उस टीम का हिस्सा बनना चाहता हूं जो पहली बार ट्रॉफी जीतेगी। ’’ आरसीबी के पूर्व कप्तान ने कहा, ‘‘मैं अपनी काबिलियत और अपने अनुभव के साथ प्रशंसकों और फ्रेंचाइजी के लिए ऐसा करने की पूरी कोशिश करूंगा। ’’ आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले कोहली ने कहा कि आरसीबी के प्रति उनकी प्रतिबद्धता अटूट रहेगी।

वहीं भारत, कर्नाटक और आरसीबी के पूर्व तेज गेंदबाज आर विनय कुमार को एक समारोह के दौरान टीम के ‘हॉल ऑफ फेम’ में शामिल किया गया। इस कार्यक्रम में आरसीबी के कप्तान फाफ डुप्लेसी और स्मृति मंधाना ने भाग लिया। आरसीबी महिला टीम को उनके पुरुष सहयोगियों द्वारा ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ भी दिया गया। महिला टीम ने मैदान के चारों ओर ‘ट्रॉफी वॉक’ भी की।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें