Site icon Dainik Savera Times

एशेज के लिए चुने जाने पर बल्लेबाजी क्रम में नीचे भेजना चाहिए वॉर्नर को : लीमन

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व मुख्य कोच डेरेन लीमन का मानना है कि दिग्गज बल्लेबाज डेविड वॉर्नर को खराब फॉर्म के बावजूद एशेज के लिए टीम में होना चाहिए और यह सलामी बल्लेबाज बल्लेबाजी क्रम में नीचे भेजे जाने पर अपना प्रभाव छोड़ सकता है। ऑस्ट्रेलिया को इस साल जून में एशेज के लिए इंग्लैंड का दौरा करना है और वॉर्नर की खराब फॉर्म को देखते हुए उनके टीम में जगह बनाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

वॉर्नर भारत के खिलाफ वर्तमान बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए। उन्होंने नागपुर में पहले टेस्ट मैच में एक और 10 रन की पारियां खेली थी। इसके बाद वह दिल्ली टेस्ट मैच में पहली पारी में 15 रन ही बना पाए थे। कोहनी में चोट के कारण वह इसके बाद स्वदेश लौट गए थे।वॉर्नर ने इंग्लैंड में जो 25 टेस्ट पारियां खेली हैं उनमें वह कभी शतक नहीं लगा पाए। वह टेस्ट मैचों में पिछली 15 पारियों में केवल एक अर्धशतक लगा पाए हैं।

लीमन ने सेन रेडियो से कहा,‘‘ डेविड वॉर्नर अगर फॉर्म में होता है तो उसे टीम में होना चाहिए। मेरे लिए मुद्दा यह है कि वह तीन बार इंग्लैंड का दौरा कर चुका है और कभी शतक नहीं जमा पाया।’’ उन्होंने कहा,‘‘ मुझे लगता है कि एशेज श्रृंखला में उसे बल्लेबाजी क्रम में नीचे उतरना चाहिए तथा पांचवें या छठे नंबर पर बल्लेबाजी करनी चाहिए। ऐसे में वह उनकी गेंदबाजी की धज्जियां उड़ा सकता है।’’

Exit mobile version