Last Updated: November 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

मैच के दूसरे दिन स्पिनरों के लिए इतनी मदद की उम्मीद नहीं थी: Deepti Sharma

December 16, 2023

मैच के दूसरे दिन स्पिनरों के लिए इतनी मदद की उम्मीद नहीं थी: Deepti Sharma

भारत की अनुभवी हरफनमौला दीप्ति शर्मा ने स्वीकार किया कि उनकी टीम को शुक्रवार को यहां इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र महिला टेस्ट मैच के दूसरे दिन स्पिनरों के लिए इतनी अधिक मदद की उम्मीद नहीं थी। इस चार दिवसीय मैच के पहले दिन पिच बल्लेबाजी के लिए आसान थी लेकिन दूसरे दिन 19 विकेट गिरे जिसमें से स्पिनरों के खाते में 15 विकेट आये। दीप्ति ने बल्ले से 67 रन की शानदार पारी खेलने के बाद महज सात रन देकर इंग्लैंड के पांच बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। भारत की पहली पारी में 428 रन के जवाब में इंग्लैंड की पहली पारी 136 रन पर सिमट गयी। भारतीय टीम ने दूसरी पारी में छह विकेट पर 186 रन बनाकर अपनी कुल बढ़त 478 रन की कर ली।

दीप्ति ने दूसरे दिन के खेल के बाद कहा, ‘‘ हमने नहीं सोचा था कि दूसरे दिन पिच से स्पिनरों को इतनी मदद मिलेगी। हम भाग्यशाली थे कि पिच से इतनी मदद मिली।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ सुबह से ही विकेट अलग तरह से व्यवहार कर रहा था. कल (पहले दिन) उतना टर्न नहीं था। तेज गेंदबाजों के लिए ज्यादा उछाल नहीं था। यह पिच गेंदबाजों के लिए मददगार थी लेकिन हमने अच्छी बल्लेबाजी की।’’ इस 26 साल की ऑफ स्पिनर ने कहा, ‘‘ मैं गेंदबाजी करने के लिए इंतजार कर रही थी। विकेट से स्पिनरों को मदद मिल रही थी और हमने इसका पूरा फायदा उठाना चाहते थे। हम सही दिशा में गेंदबाजी करना चाहते थे।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें