सिलहट: वेस्टइंडीज और बांग्लादेश के बीच सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ, जिसके साथ वेस्टइंडीज ने सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली। नाबाद दोहरा शतक जड़ने वाले तौहीद हिरदॉय मुकाबले के हीरो बने।
वेस्टइंडीज ने ढाका के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेले गए सीरीज के पहले मैच को 8 विकेट से अपने नाम किया था, जिसके बाद बांग्लादेश को सीरीज ड्रॉ करवाने के लिए इस मुकाबले को हर हाल में जीतना था, लेकिन मेजबान टीम ऐसा करने में नाकाम रही।
वेस्टइंडीज की टीम ने पहली पारी में 356 रन बनाए
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने पहली पारी में 356 रन बनाए। इस दौरान आमिर जंगू ने 2 छक्कों और 13 चौकों की मदद से 133 रन की पारी खेली, जबकि केविन विकहम ने 61 रन का योगदान टीम के खेमे में दिया। विपक्षी खेमे से हसन महमूद ने सर्वाधिक 6 विकेट निकाले। तस्किन अहमद और मेहदी हसन मिराज को 2-2 विकेट हाथ लगे।
इसके जवाब में बांग्लादेशी टीम ने पहली पारी में 386 रन बनाकर 30 रन की मामूली बढ़त हासिल कर ली। इस पारी में तौहीद हिरदॉय ने एक छोर को संभाले रखा और 359 गेंदों में 11 छक्कों और 22 चौकों के साथ 242 रन की नाबाद पारी खेली। इस पारी में जोमेल वारिकन ने सर्वाधिक 4 विकेट झटके, जबकि जायडेन सील्स ने 2 विकेट चटकाए।
इसके जवाब में वेस्टइंडीज ने अपनी दूसरी पारी 398/6 के स्कोर पर घोषित की। इस दौरान कावेम हॉज ने 18 बाउंड्री के साथ सर्वाधिक 142 रन बनाए, जबकि केविन विकहम ने 78 रन और ब्रैंडन किंग ने 61 रन की पारी खेली। विपक्षी खेमे से तैजुल इस्लाम, मेहदी हसन मिराज और नईम हसन ने 2-2 विकेट झटके।
मेजबान टीम को 369 रन का टारगेट मिला
मेजबान टीम को जीत के लिए 369 रन का टारगेट मिला, लेकिन अंतिम दिन यह टीम 59 ओवरों में 4 विकेट खोकर 184 रन ही बना सकी। बांग्लादेश ने 40 रन तक तंजीद हसन (21) और कप्तान नजमुल हुसैन (14) के विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद तौहीद हिरदॉय ने मुशफिकुर रहीम के साथ तीसरे विकेट के लिए 135 रन जोड़कर टीम को संभाला, लेकिन बांग्लादेश लक्ष्य को हासिल करने से काफी दूर रह गई।
खराब रोशनी के चलते अंतिम दिन के खेल को समय से पहले ही समाप्त करने का फैसला लिया गया। सिलहट में 242* और 82 रन की पारी खेलने वाले तौहीद हिरदॉय को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया, जबकि 16 विकेट चटकाने वाले जोमेल वारिकन ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ बने।

