Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

भयानक कार दुर्घटना होने पर ऐसा लगा था कि अब मेरा समय पूरा हो गया है: पंत

January 30, 2024

भयानक कार दुर्घटना होने पर ऐसा लगा था कि अब मेरा समय पूरा हो गया है: पंत

नयी दिल्ली: भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को दिसंबर 2022 में भयानक कार दुर्घटना के दौरान लगा था कि ‘इस दुनिया में उनका समय’ खत्म हो गया है। अपने गृहनगर रूड़की के पास जानलेवा दुर्घटना पर पहली बार खुलकर बात करते हुए पंत ने कहा कि 30 दिसंबर 2022 की सुबह एक डिवाइडर से टकराने के बाद अपनी र्मिसडीज गाड़ी में आग लगने के बाद उन्हें लगा था कि वह लगभग मर ही जाएंगे। दुर्घटना में पंत के दाहिने घुटने का लिगामेंट फट गया और उनके माथे पर दो चोटें आईं। यह 26 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज तब से क्रिकेट से दूर है।

पंत ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा, ‘‘जीवन में पहली बार मुझे ऐसा लगा कि इस दुनिया में मेरा समय खत्म हो गया है। दुर्घटना के दौरान मुझे घावों के बारे में पता था लेकिन मैं भाग्यशाली था क्योंकि यह और भी गंभीर हो सकता था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लग रहा था कि किसी ने मुझे बचा लिया है। मैंने डॉक्टर से पूछा कि मुझे ठीक होने में कितना समय लगेगा। उन्होंने कहा कि 16 से 18 महीने लगेंगे। मुझे पता था कि उबरने के इस समय को कम करने के लिए मुझे कड़ी मेहनत करनी होगी।’’ दुर्घटना के कारण पंत को मुंबई में सर्जरी करानी पड़ी और उम्मीद है कि वह आईपीएल में वापसी करेंगे।

पिछले साल दुबई में आईपीएल 2024 की नीलामी के दौरान फ्रेंचाइजी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा होने के बाद पंत के आगामी आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स का नेतृत्व करने की उम्मीद है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें