Site icon Dainik Savera Times

जब आपका ध्यान सिर्फ अधिक सफल टीमों पर होगा तो उलटफेर होंगे: Kohli

 

पुणे: भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने बुधवार को कहा कि विश्व कप में कोई ‘बड़ी टीम’ नहीं हैं और इस टूर्नामेंट में जब लोग सिर्फ अधिक सफल टीमों की बात करते हैं तो उलटफेर की संभावना अधिक होती है। कोहली का यह बयान मौजूदा विश्व कप में दो बड़े उलटफेरों के बाद आया है। अफगानिस्तान ने रविवार को नयी दिल्ली में इंग्लैंड को 69 रन से हराया, वहीं नीदरलैंड ने मंगलवार को धर्मशाला में बारिश से बाधित मैच में दक्षिण अफ्रीका को 38 रन से हराकर इस खेल के इतिहास में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की।

कोहली ने बांग्लादेश के खिलाफ गुरुवार के मैच से पहले ‘स्टार स्पोर्ट्स’ से कहा, ‘‘ विश्व कप में कोई बड़ी टीमें नहीं हैं। जब भी आप केवल अधिक सफल टीमों पर ध्यान केंद्रित करना शुरू करते हैं, तो निराशा होती है।’’भारत 2007 विश्व कप में बांग्लादेश के खिलाफ उलटफेर का शिकार हो चुका है। टीम इसके बाद हालांकि लगातार तीन बार इस टीम पर दबदबा बनाने में सफल रही है।

कोहली ने कहा कि भारतीय टीम को बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन के खिलाफ सतर्क रहना होगा। भारतीय बल्लेबाज ने कहा, ‘‘पिछले कुछ वर्षों में मैंने उनके (शाकिब) खिलाफ काफी खेला है। उनके पास अद्भुत नियंत्रण है. वह बहुत अनुभवी गेंदबाज हैं. वह नयी गेंद से भी बहुत अच्छी गेंदबाजी करते हैं। वह बल्लेबाज को फंसाने के लिए जाने जाते हैं और काफी किफायती रहते हैं।’’भारतीय हरफनमौला हार्दिक पंड्या ने कोहली की बातों से सहमति जताते हुए कहा, ‘‘ इस तरह के गेंदबाज के खिलाफ आपको अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाना होता है।

आप अगर ऐसा करने में नाकाम रहे तो ये गेंदबाज आप पर दबाव बना लेंगे और आउट होने की संभावना बढ़ जायेगी। शाकिब ने कहा कि कोहली मौजूदा दौर के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ वह (कोहली) विशेष बल्लेबाज है। मौजूदा समय में शायद सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज। मैं भाग्यशाली हूं कि उसे पांच बार आउट कर पाया हूं। जाहिर है कि कोहली का विकेट मिलने से काफी खुशी होती है।’’

Exit mobile version