ENG vs SA: इंग्लैंड की टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है। विश्व कप के मौजूदा संस्करण में गत विजेता टीम का खराब प्रदर्शन जारी है। उसे चार मैचों में तीसरी बार हार का सामना करना पड़ा है। इंग्लैंड को न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार मिली है। उसकी इकलौती जीत बांग्लादेश के खिलाफ मिली थी। दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका ने तीसरी जीत हासिल की है। उसने श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड को हराया है। उसे इकलौती हार नीदरलैंड के खिलाफ मिली है। इंग्लैंड का अगला मुकाबला 26 अक्तूबर को बंगलूरू में श्रीलंका से होगा। वहीं, अफ्रीकी टीम 24 अक्तूबर को मुंबई में बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगी।
इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। दक्षिण अफ्रीका ने 50 ओवर में सात विकेट पर 399 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम 22 ओवर में 170 रन ही बना सकी। उसके किसी भी बल्लेबाज ने अर्धशतक नहीं लगाया। 10वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए मार्क वुड ने सबसे ज्यादा नाबाद 43 रन बनाए। नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करने वाले गस एटिंकसन ने 35 रन बनाए।

