Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

Women World Cup 2025 के बीच न्यूजीलैंड को बड़ा झटका, पूरे टूर्नामेंट से बाहर हुई ये स्टार खिलाड़ी

October 5, 2025

Women World Cup 2025 के बीच न्यूजीलैंड को बड़ा झटका, पूरे टूर्नामेंट से बाहर हुई ये स्टार खिलाड़ी

स्पोर्ट्स डेस्क : महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में न्यूजीलैंड महिला टीम के लिए मुश्किलें बढ़ गई हैं। बता दें कि टूर्नामेंट की शुरुआत में ही टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 89 रनों से हार झेलनी पड़ी थी और अब टीम को एक और बड़ा झटका लगा है। टीम की युवा ऑलराउंडर फ्लोरा डेवोनशर चोटिल होने की वजह से पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। उनकी जगह टीम में तेज गेंदबाज हन्ना रोवे को शामिल किया गया है।

प्रैक्टिस के दौरान लगी चोट

न्यूजीलैंड टीम के आधिकारिक बयान के अनुसार, प्रैक्टिस सेशन के दौरान फील्डिंग करते समय फ्लोरा डेवोनशर के हाथ में गंभीर चोट लग गई। डॉक्टरों की सलाह के बाद यह तय किया गया कि वह कई हफ्तों तक मैदान से दूर रहेंगी। इसी वजह से उन्हें वर्ल्ड कप से बाहर होना पड़ा। फ्लोरा पहले मैच में भी टीम का हिस्सा नहीं थीं।

ये भी पढ़े : भारत-पाकिस्तान के बीच आज खेला जाएगा महामुकाबला, ये हो सकती है भारतीय टीम की संभावित प्लेइंग इलेवन


हन्ना रोवे को मिला मौका

न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने फ्लोरा की जगह 29 वर्षीय हन्ना रोवे को वर्ल्ड कप स्क्वाड में शामिल किया है। हन्ना अनुभवी खिलाड़ी हैं और न्यूजीलैंड के लिए कई वनडे मैच खेल चुकी हैं। वह मंगलवार को गुवाहाटी पहुंचेंगी और टीम के साथ जुड़ेंगी। उम्मीद है कि वे 10 अक्टूबर को बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले टीम के साथ तैयारियों में शामिल हो जाएंगी।

कोच बेन सावेयर ने जताया दुख

टीम के मुख्य कोच बेन सावेयर ने कहा, “फ्लोरा डेवोनशर का चोटिल होकर बाहर होना हमारे लिए बड़ा झटका है। उन्होंने टीम में अपनी जगह बनाने के लिए कड़ी मेहनत की थी। इतने महत्वपूर्ण टूर्नामेंट में उनका बाहर होना दुर्भाग्यपूर्ण है। हमें उम्मीद है कि वह जल्द ही स्वस्थ होकर वापसी करेंगी।” कोच ने आगे कहा कि टीम ने एक अनुभवी खिलाड़ी हन्ना रोवे को शामिल किया है, जो टीम को मजबूती देंगी।

फ्लोरा का करियर

22 साल की फ्लोरा डेवोनशर ने अभी तक न्यूजीलैंड के लिए कोई वनडे इंटरनेशनल मैच नहीं खेला था। हालांकि, वह दो टी20 इंटरनेशनल मैचों में टीम का हिस्सा रह चुकी हैं, जिनमें उन्होंने एक विकेट झटका था। यह वर्ल्ड कप उनके वनडे करियर की शुरुआत होनी थी, लेकिन चोट ने उनके सपनों पर विराम लगा दिया।

ये भी पढ़े : 2027 World Cup में नहीं खेलेंगे रोहित शर्मा और विराट कोहली; इंग्लैंड के इस पूर्व खिलाड़ी ने की भविष्यवाणी !

बता दें कि न्यूजीलैंड महिला टीम अब तक टूर्नामेंट में सिर्फ एक मैच खेल चुकी है, जिसमें उसे हार का सामना करना पड़ा। टीम का नेट रन रेट -1.780 है और वह अंक तालिका में 9वें स्थान पर है। टीम अब 6 अक्टूबर को साउथ अफ्रीका महिला टीम से भिड़ेगी और इस मुकाबले में जीत हासिल कर टूर्नामेंट में वापसी करने की कोशिश करेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें