Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Women’s Asia Cup: पाकिस्तान को मात देकर श्रीलंका फाइनल में पहुंचा, खिताब के लिए भारत से होगी टक्कर

September 12, 2026

Women’s Asia Cup: पाकिस्तान को मात देकर श्रीलंका फाइनल में पहुंचा, खिताब के लिए भारत से होगी टक्कर

Women’s Asia Cup 2026: दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए विमेंस एशिया कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंका ने पाकिस्तान को 4 विकेट से मात देकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। पाकिस्तान द्वारा दिए गए 131 रनों के लक्ष्य को श्रीलंकाई टीम ने 18.4 ओवर में 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ श्रीलंका अब खिताबी मुकाबले में पहुंच गया है।

लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की शुरुआत काफी खराब रही। कप्तान चमारी अटापट्टू सिर्फ 5 रन बनाकर फातिमा सना की गेंद पर आउट हो गईं, जबकि संजना कविंदी खाता खोले बिना पवेलियन लौट गईं। हसीना परेरा भी केवल 3 रन बना सकीं। इमेशा दुलानी ने शुरुआत अच्छी की, लेकिन उसे बड़ी पारी में नहीं बदल सकीं और 21 गेंदों पर 24 रन बनाकर आउट हुईं।

ये भी पढे़ं :–https://dainiksaveratimes.com/sports/gcl-season-4-carlsen-vidit-alpine-sg-pipers-win/

मुश्किल स्थिति में हर्षिता समरविक्रमा ने टीम की पारी को संभालने का प्रयास किया और 31 गेंदों में 36 रन बनाए, जिसमें दो चौके शामिल रहे। कविशा दिलहारी ने भी 33 रनों की उपयोगी पारी खेली। आखिरी ओवरों में नीलाक्षी डी सिल्वा ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 10 गेंदों में तीन चौकों की मदद से नाबाद 18 रन बनाए, जबकि कौशानी नुथ्यंगना ने 4 गेंदों पर नाबाद 10 रन जोड़े। 19वें ओवर की चौथी गेंद पर नीलाक्षी ने फातिमा सना को चौका लगाकर श्रीलंका की जीत सुनिश्चित कर दी।

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने वाली पाकिस्तान की टीम की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। मुनीबा अली केवल 2 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद गुल फिरोजा और शवाल जुल्फिकार ने दूसरे विकेट के लिए 24 रन की साझेदारी की। फिरोजा ने 32 गेंदों में 21 रन बनाए, जबकि जुल्फिकार 24 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। आयशा जफर 7 और सदाफ शमास 8 रन ही बना सकीं।

पाकिस्तान की ओर से कप्तान फातिमा सना ने अंत तक संघर्ष किया और 36 गेंदों में नाबाद 47 रन बनाए। उनकी पारी में चार चौके और दो छक्के शामिल रहे। तुबा हसन ने नाबाद 12 रन बनाए और दोनों ने छठे विकेट के लिए 24 गेंदों में 38 रन की साझेदारी की। श्रीलंका की गेंदबाजी में चमारी अटापट्टू और चमुदी प्रबोधा ने दो-दो विकेट हासिल किए। अटापट्टू ने 24 रन खर्च किए, जबकि प्रबोधा ने 25 रन देकर दो बल्लेबाजों को आउट किया।

इस जीत के साथ श्रीलंका ने विमेंस एशिया कप 2026 के फाइनल में प्रवेश कर लिया है, जहां उसका सामना रविवार, 13 सितंबर को भारत से होगा। पाकिस्तान के खिलाफ दबाव के बावजूद लक्ष्य हासिल करने वाली श्रीलंकाई टीम अब खिताबी मुकाबले में भारत को चुनौती देने के लिए तैयार है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें