Site icon Dainik Savera Times

Women’s T20 World Cup: न्यूजीलैंड की टीम घोषित; डिवाइन, बेट्स रिकॉर्ड 9वीं बार खेलेंगी

ऑकलैंड: न्यूजीलैंड ने अगले महीने यूएई में होने वाले आईसीसी महिला टी20 विश्व कप के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। सोफी डिवाइन और सूजी बेट्स लगातार 9वीं बार आईसीसी महिला टी20 विश्व कप में हिस्सा लेंगी। इस अनुभवी जोड़ी ने 2009 में टूर्नामेंट की शुरुआत के बाद से महिलाओं के मेगा इवेंट के हर संस्करण में भाग लिया है।

विश्व कप के बाद टी20 कप्तान के पद से हटने वाली डिवाइन टीम की अगुवाई करेंगी। वह ट्रॉफी के साथ अंत की उम्मीद करेंगी, जो टीम को टूर्नामेंट के पहले दो संस्करणों 2009 और 2010 में उपविजेता रहने के बाद से नहीं मिली है। डिवाइन ने कहा, ‘टी 20 विश्व कप महिलाओं के खेल के विकास और वृद्धि में एक महत्वपूर्ण माध्यम रहा है।

मेरे लिए गर्व की बात है कि मैं शुरुआत से ही इस टूर्नामेंट का हिस्सा रही हूं। मैं विश्व स्तरीय टीमों के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करने के एक और अवसर का इंतजार कर रही हूं।‘ विकेटकीपर बल्लेबाज इजी गेज आईसीसी महिला टी20 विश्व कप में अनुभव के बिना टीम की एकमात्र सदस्य हैं। मुख्य कोच बेन सॉयर ने कहा कि विश्व कप टीम में शामिल होना एक विशेष अवसर है।

सॉयर ने कहा, ‘इस टीम में शामिल सभी खिलाड़ियों को बधाई। विश्व कप में अपने देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना जाना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मैं इस टीम से वास्तव में खुश हूं, मुझे लगता है कि ये हमारी सर्वश्रेष्ठ 15 खिलाड़ी हैं जो संभावित रूप से विभिन्न परिस्थितियों के अनुकूल खुद को ढालने में माहिर हैं।‘ न्यूजीलैंड को ऑस्ट्रेलिया, भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका के साथ ग्रुप ए में रखा गया है। वे 4 अक्टूबर को भारत के खिलाफ अपने पहले ग्रुप मैच से पहले दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के खिलाफ दो अभ्यास मैच खेलेंगे। टीम टूर्नामेंट की तैयारी के लिए मैके और ब्रिसबेन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन टी20 मैच खेलने के लिए 16 सितंबर को रवाना होगी।

न्यूजीलैंड की टीम: सोफी डिवाइन (कप्तान), सूजी बेट्स, ईडन कार्सन, इजी गेज, मैडी ग्रीन, ब्रुक हॉलिडे, फ्रैन जोनास, लेघ कास्पेरेक, अमेलिया केर, जेस केर, रोजमेरी मेयर, मौली पेनफोल्ड, जॉजर्यिा प्लिमर, हन्ना रोवे, ली ताहुहू।

Exit mobile version