Women’s World Cup 2025 : महिला वर्ल्ड कप 2025 का खिताब आखिरकार भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपने नाम कर लिया। बता दें कि हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को फाइनल मुकाबले में 52 रनों से हराकर इतिहास रच दिया। यह पहली बार है जब भारतीय महिला टीम ने वनडे विश्व कप का ताज अपने सिर पर सजाया है। इस जीत के साथ ही पूरे देश में जश्न का माहौल है और सोशल मीडिया पर खिलाड़ियों की भावनाएं झलकती तस्वीरें और वीडियो छाए हुए हैं।
भारतीय टीम ने किया शानदार प्रदर्शन
फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने 78 गेंदों में 87 रनों की धमाकेदार पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 2 छक्के शामिल थे। उनके साथ दीप्ति शर्मा ने भी बेहतरीन खेल दिखाया और 58 रनों की अहम पारी खेली। दोनों खिलाड़ियों की साझेदारी ने भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया और टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 298 रनों का स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम की शुरुआत खराब रही। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा। दीप्ति शर्मा ने अपनी शानदार ऑलराउंड परफॉर्मेंस जारी रखते हुए पांच विकेट झटके, जबकि शेफाली वर्मा ने भी गेंद से दो विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस कर दिया। साउथ अफ्रीका की पूरी टीम 246 रनों पर सिमट गई और भारत ने वर्ल्ड कप जीत लिया।
कप्तान ने इस अंदाज में मनाया जश्न
मैच खत्म होने के बाद मैदान पर जश्न का माहौल देखने लायक था। कप्तान हरमनप्रीत कौर को आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने ट्रॉफी सौंपकर सम्मानित किया। इसके बाद हरमनप्रीत ने ट्रॉफी टीम को देने का नाटक करते हुए मज़ेदार अंदाज में सेलिब्रेशन किया। वह ट्रॉफी आगे बढ़ाने का इशारा करती रहीं लेकिन बार-बार वापस खींच लेतीं। उनके इस अंदाज को देखकर शेफाली वर्मा और पूरी टीम ठहाकों में डूब गई। आखिर में उन्होंने ट्रॉफी को ऊपर उठाकर जीत का ऐलान किया और सभी खिलाड़ी खुशी से उछल पड़ीं।
The moment all of India has been waiting for as ICC Chairman @JayShah hands India captain Harmanpreet Kaur the trophy 🏆#CWC25 pic.twitter.com/Y4V1Ub2Ofu
— ICC (@ICC) November 2, 2025
मिताली राज ने ट्रॉफी को गले से लगाया
सबसे भावुक पल तब आया जब भारतीय महिला क्रिकेट की दिग्गज मिताली राज को टीम ने ट्रॉफी थमाई। मिताली, जिन्होंने दो बार वर्ल्ड कप फाइनल में भारत को पहुंचाया था लेकिन खिताब नहीं जीत पाई थीं, इस जीत पर भावुक हो उठीं। उन्होंने ट्रॉफी को अपने गले से लगाकर उस पल को यादगार बना दिया। उनके इस भावनात्मक क्षण का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, और पूरे देश में प्रशंसक भारतीय महिला टीम की इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मना रहे हैं।
A moment for the history books. 💙#MithaliRaj celebrates with the World Champions Team India! 🏆 pic.twitter.com/Ljn1sjYfWW
— Star Sports (@StarSportsIndia) November 2, 2025

