
World Archery Para Series 2026: भारत की स्टार पैरा तीरंदाज शीतल देवी ने अहमदाबाद में जारी वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज 2026 के तीसरे चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए कंपाउंड महिला व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। सेमीफाइनल में उन्होंने अपनी ही देश की सरिता को 145-143 से हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया। अब शीतल की नजरें गोल्ड मेडल पर टिकी हैं।
सोमवार को हुए सेमीफाइनल में शीतल और सरिता के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। दोनों खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही कड़ी चुनौती पेश की, लेकिन निर्णायक पलों में शीतल ने बेहतर निशाना लगाते हुए दो अंकों के अंतर से जीत दर्ज कर ली। फाइनल में अब उनका सामना कजाकिस्तान की दूसरी वरीयता प्राप्त आइजादा सेइडन से होगा। वहीं, सरिता कांस्य पदक के लिए चीन की वांग हुइटिंग के खिलाफ मुकाबला करेंगी।
ये भी पढ़ें-https://dainiksaveratimes.com/sports/india-vs-afghanistan-t20-series-top-5-players/
शीतल ने फाइनल तक पहुंचने से पहले क्वालिफिकेशन राउंड में भी अपना दम दिखाया था। रविवार को उन्होंने 698 अंक हासिल किए, जो इस सीजन में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने अपने ही एशियाई रिकॉर्ड में एक अंक का सुधार किया। क्वालिफिकेशन में शीतल ने 25 बार ’10’ और 26 बार ‘एक्स’ स्कोर किया और बाकी खिलाड़ियों से 10 अंकों की बढ़त के साथ राउंड समाप्त किया।
शीतल देवी की शानदार फॉर्म आगामी आइची-नागोया 2026 एशियन पैरा गेम्स से पहले भारतीय टीम के लिए बड़ी सकारात्मक खबर है। वह इन खेलों में कंपाउंड महिला व्यक्तिगत और मिक्स्ड टीम, दोनों वर्गों में अपने खिताब का बचाव करने उतरेंगी। दूसरी ओर, उनकी फाइनल प्रतिद्वंद्वी आइजादा सेइडन ने भी क्वालिफिकेशन में करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 688 अंक बनाए हैं।
व्यक्तिगत स्पर्धा के अलावा शीतल ने मिक्स्ड टीम इवेंट में भी शानदार प्रदर्शन किया है। अनुभवी तीरंदाज राकेश कुमार के साथ मिलकर उन्होंने कंपाउंड मिक्स्ड टीम क्वालिफिकेशन में नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। शीतल और राकेश ने कुल 1400 अंक हासिल किए, जिससे उन्होंने पेरिस 2024 पैरालंपिक में बनाए अपने पुराने रिकॉर्ड को एक अंक से बेहतर कर दिया। इस जोड़ी ने पेरिस 2024 में मिक्स्ड टीम ब्रॉन्ज मेडल भी अपने नाम किया था।
पुरुषों की कंपाउंड व्यक्तिगत स्पर्धा में मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन टोमन कुमार भी पदक की दौड़ में बने हुए हैं। कांस्य पदक के मुकाबले में उनका सामना इराक के अब्बास काधिम से होगा। वहीं, राकेश कुमार और टोमन कुमार ने कंपाउंड पुरुष डबल्स क्वालिफिकेशन में भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 1398 अंक जुटाए और टॉप सीड हासिल की है। इस तरह प्रतियोगिता में भारतीय पैरा तीरंदाजों का प्रदर्शन लगातार मजबूत बना हुआ है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...