T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 नजदीक आते ही सभी टीमें अपनी तैयारियों में जुटी हुई हैं, लेकिन इसी बीच साउथ अफ्रीका की चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आई है। टीम के अनुभवी बल्लेबाज डेविड मिलर चोटिल हो गए हैं। फिलहाल यह साफ नहीं है कि उनकी चोट कितनी गंभीर है और वे विश्व कप तक पूरी तरह फिट हो पाएंगे या नहीं, लेकिन इतना तय है कि इस घटना ने टीम मैनेजमेंट की टेंशन बढ़ा दी है।
SA20 के दौरान लगी चोट
डेविड मिलर इन दिनों SA20 लीग में हिस्सा ले रहे हैं और पर्ल रॉयल्स की कप्तानी संभाल रहे हैं। सोमवार को पर्ल रॉयल्स और एमआई केपटाउन के बीच खेले गए मुकाबले में मिलर को यह चोट लगी। इस मैच में पर्ल रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 181 रन बनाए। कप्तान मिलर ने 14 गेंदों पर 19 रन की तेज पारी खेली, जिसमें तीन चौके शामिल थे। जवाब में एमआई केपटाउन की टीम लक्ष्य से सिर्फ एक रन पीछे रह गई और पर्ल रॉयल्स ने मुकाबला जीत लिया। हालांकि जीत की खुशी के बीच मिलर की चोट ने सभी को चिंता में डाल दिया।
चोट पर अभी सस्पेंस बरकरार
मैच के बाद जब डेविड मिलर से उनकी चोट के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि फिलहाल कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। उनके अनुसार, अगली सुबह जांच और स्कैन के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि चोट कितनी गंभीर है। यानी फिलहाल उनकी फिटनेस को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।
पहले से ही चोटों से जूझ रही है टीम
साउथ अफ्रीका की टीम पहले ही कई चोटों से परेशान है। डोनोवन फरेरा कंधे में फ्रैक्चर के चलते SA20 से बाहर हो चुके हैं। वहीं टोनी डी जोरजी भी दिसंबर में लगी चोट से अभी तक पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। ऐसे में डेविड मिलर की चोट टीम के लिए एक और बड़ा झटका मानी जा रही है।
Video : लाइक्स-व्यूज के लिए खतरनाक स्टंट, कार की बोनट पर बच्चे को लिटाया

