World Test Final : दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान एबी डिविलियर्स ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले प्रोटियाज बल्लेबाजों को अहम सलाह दी है। डिविलियर्स ने कहा है कि पारी का पहला ओवर हो या कोई भी ओवर, दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों को ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का सम्मान करना होगा।
औसत रहा है लॉर्ड्स में SA का प्रदर्शन-
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025 का फाइनल 11 से 15 जून तक लॉर्ड्स में दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाना है। लॉर्ड्स में दक्षिण अफ्रीकी टीम का प्रदर्शन औसत दर्जे का रहा है। 18 टेस्ट मैचों में इस टीम ने छह मैच जीते हैं जबकि आठ मैच हारे हैं। चार मैच ड्रॉ रहे हैं।
लॉर्ड्स के मैदान पर खेलना मुश्किल-
‘लॉर्ड्स के मैदान पर खेलना मुश्किल है। दुनिया के ज्यादातर मैदानों के मुकाबले यहां गेंद ज्यादा देर तक टिकती है। यहां रन बनाना मुश्किल है। बल्लेबाजों को मेरी सबसे अच्छी सलाह यही है कि वे गेंदबाजों का सम्मान करें, चाहे वह पहला ओवर हो या 67वां ओवर। बस खेल का सम्मान करें।’
लॉर्ड्स में फुल लैंथ गेंदबाजी फायदेमंद-
“लॉर्ड्स में, आप आमतौर पर सीम गेंदबाज़ के तौर पर थोड़ी फुल लेंथ गेंदबाजी करना चाहते हैं और परिस्थितियों का सबसे अच्छा उपयोग करने की कोशिश करते हैं। स्विंग गेंदबाज़ों के लिए हमेशा मूवमेंट होता है। इसलिए मैं शायद अपने गेंदबाज़ों से जितना संभव हो सके उतना फुल और स्ट्रेट गेंदबाजी करने का आग्रह करूँगा।”
लगातार 7 जीत के साथ फाइनल में पहुंची SA-
टेम्बा बावुमा की अगुआई वाली टीम वेस्टइंडीज, बांग्लादेश, श्रीलंका और पाकिस्तान पर लगातार सात जीत के साथ 2023-25 डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में शीर्ष पर रही और 69.44 प्रतिशत स्कोर के साथ फाइनल में पहुँची।
फाइनल के लिए रिजर्व डे-
साउथम्पटन (2021) में रोज़ बाउल और लंदन (2023) में द ओवल के बाद लॉर्ड्स विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की मेजबानी करने वाला इंग्लैंड का तीसरा स्टेडियम बन जाएगा। बारिश की स्थिति में 16 जून को फाइनल के लिए रिजर्व डे रखा गया है।