Site icon Dainik Savera Times

14 जनवरी से शुरू होगा WPL 2027, इस तारीख को कोच्चि में होगी खिलाड़ियों की नीलामी

WPL 2027 will start from January 14

WPL 2027 will start from January 14

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2027 की तारीखों का ऐलान कर दिया है। डब्ल्यूपीएल का पांचवें सीजन की शुरुआत 14 जनवरी से होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 7 फरवरी को खेला जाएगा।

नीलामी 28 अक्टूबर, 2026 को कोच्चि में होगी

डब्ल्यूपीएल 2027 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 28 अक्टूबर, 2026 को कोच्चि में होगी। खिलाड़ियों को रिटेन करने की आखिरी तारीख 28 सितंबर रखी गई है। इससे पहले सभी पांच टीमों को मौजूदा स्क्वॉड में से रिटेन किए गए खिलाड़ियों की लिस्ट बीसीसीआई को सौंपनी होगी। डब्ल्यूपीएल 2027 का ऑक्शन कोच्चि के ग्रैंड हयात होटल में होगा।

RCB ने अपने नाम किया खिताब

डब्ल्यूपीएल 2026 में स्मृति मंधाना की कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए खिताब को अपने नाम किया था। टीम ने फाइनल मुकाबले में दिलली कैपिटल्स को हराकर दूसरी बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था। इस लीग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस, गुजरात जायंट्स और यूपी वॉरियर्स के रूप में पांच फ्रेंचाइजी हिस्सा लेती हैं।

रिटेंशन विंडो खास तौर पर अहम होगी क्योंकि फ्रेंचाइजी नीलामी से पहले अपनी टीमों का आकलन करेंगी। पांचों टीमों को बैटिंग, बॉलिंग और ऑलराउंड विकल्पों में संतुलित कॉम्बिनेशन बनाना होगा, इसलिए सितंबर में लिए गए फैसले कोच्चि में एक महीने बाद उनकी रणनीति तय करेंगे।

कैसे रहे बीते सीजन

डब्ल्यूपीएल के पिछले कुछ सीजन शानदार रहे हैं, जहां सिर्फ अनुभवी और विदेशी खिलाड़ियों ने ही अपनी छाप नहीं छोड़ी है, बल्कि भारत की युवा प्लेयर्स ने भी दमदार प्रदर्शन से खूब सुर्खियां बटोरी हैं। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते हुए तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा ने अपनी गेंदबाजी से हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचा था। उन्होंने 10 मुकाबलों में कुल 17 विकेट निकाले थे और टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम किरदार निभाया था। डब्ल्यूपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के बूते उन्हें भारतीय टीम में भी शामिल किया गया और वह विमेंस एशिया कप 2026 में भी छाप छोड़ने में सफल रहीं। श्री चरणी ने भी अपनी घूमती गेंदों से खूब वाहवाही लूटी थी। ऐसे में डब्ल्यूपीएल 2027 के लिए होने वाली नीलामी में अनुभवी प्लेयर्स के साथ-साथ युवा खिलाड़ियों पर हर फ्रेंचाइजी की निगाहें होंगी।

Exit mobile version