Yogasana Sports 2026: भारतीय योगासन जगत की उभरती हुई प्रतिभा और महज 8 वर्षीय योगासन खिलाड़ी वान्या शर्मा ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ाया है। वान्या का चयन प्रतिष्ठित 5th UYSF World Championship of Yogasana Sports 2026 के लिए हुआ है। इस प्रतियोगिता में वह भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए Pro Category, Artistic Solo और Rhythmic Pair स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
यह विश्व चैंपियनशिप 23 दिसंबर 2026 को पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, नेहरू नगर, गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश में आयोजित होगी। इसमें विभिन्न देशों के खिलाड़ी अपनी योगासन प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
छोटी उम्र में बड़ी अंतरराष्ट्रीय पहचान
वान्या शर्मा ने बेहद कम उम्र में योगासन की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। उनके नाम अब तक 21 आधिकारिक विश्व रिकॉर्ड दर्ज हैं। वह एशिया और विश्व स्तर की योगासन प्रतियोगिताओं में चैंपियन बनकर भारत का नाम रोशन कर चुकी हैं।

वर्ष 2025 में आयोजित 3rd Asia Pacific Yogasana Sports Championship, मलेशिया में वान्या ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक हासिल किए। इसके अतिरिक्त UYSF World Cup में Champions of Champion का गौरव प्राप्त करते हुए एक स्वर्ण और दो रजत पदक जीतकर अपनी अंतरराष्ट्रीय प्रतिभा का परिचय दिया।
वान्या को भारत की सबसे कम उम्र की प्रतिभाशाली योगिनियों में गिना जाता है। Artistic Yogasana, Traditional Yoga, कठिन बैलेंस, फ्लेक्सिबिलिटी, एडवांस बैकबेंड और Rhythmic Pair में उनकी विशेष पहचान है।
उपलब्धियों के साथ सामाजिक सेवा में भी योगदान
वान्या की उपलब्धियां केवल पदकों और विश्व रिकॉर्ड तक सीमित नहीं हैं। उन्होंने विशेष आवश्यकता वाले (Divyang) बच्चों को योग सिखाने और उनके साथ योग प्रदर्शन करने में भी योगदान दिया है। उनके इस प्रयास से योग के माध्यम से समावेशिता और सामाजिक जागरूकता का संदेश मिलता है।
उन्हें विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है। वर्ष 2026 में भारत गौरव पुरस्कार सहित अनेक सम्मानों से उन्हें नवाजा गया है। वह Universal Yoga Sports Federation (UYSF) की Brand Ambassador भी हैं।

पिता और गुरु के मार्गदर्शन में तैयार हो रही विश्व चैंपियन
वान्या के पिता एवं योग गुरु हेमंत शर्मा उनके प्रशिक्षक और मार्गदर्शक हैं। लगभग 26 वर्षों से अधिक के योग प्रशिक्षण अनुभव के साथ हेमंत शर्मा लगातार वान्या को योगासन की बारीकियां सिखा रहे हैं। उनकी माता हिमानी शर्मा भी वान्या की पहली गुरु और प्रेरणास्रोत हैं।
वान्या का यह चयन उनके कठिन परिश्रम, निरंतर अभ्यास, अनुशासन और परिवार के सहयोग का परिणाम है।
अब सभी की निगाहें 23 दिसंबर को होने वाली विश्व चैंपियनशिप पर टिकी हैं, जहां भारत की यह नन्ही प्रतिभा तीन स्पर्धाओं में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए विश्व मंच पर तिरंगा लहराने के लक्ष्य के साथ उतरेगी।
वान्या शर्मा की यह उपलब्धि देश की उन बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो अपने सपनों को मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से साकार करना चाहती हैं।