Site icon Dainik Savera Times

जहीर खान बने चेन्नई सुपर किंग्स के नए हेड कोच, स्टीफन फ्लेमिंग की जगह ली

Zaheer Khan appointed head coach CSK

Zaheer Khan appointed head coach CSK

चेन्नई: चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने सोमवार को भारत के पूर्व बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जहीर खान को आगामी सीजन के लिए अपना नया हेड कोच नियुक्त किया है। पांच बार की आईपीएल चैंपियन टीम में जहीर ने स्टीफन फ्लेमिंग की जगह ली है, जिन्होंने इस साल की शुरुआत में टीम के लगातार तीसरी बार प्लेऑफ में न पहुच पाने के बाद यह पद छोड़ दिया था। इसके साथ ही फ्लेमिंग का फ्रेंचाइजी के साथ 18 साल का साथ भी खत्म हो गया।

सफल टीमों का हिस्सा बनना सम्मान की बात: जहीर 

चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से जारी एक बयान में जहीर ने कहा, “IPL के इतिहास की सबसे सफल टीमों में से एक का हिस्सा बनना सम्मान की बात है। बतौर क्रिकेटर मैंने मैदान पर सीएसके का सामना करते हुए उन मुकाबलों का भरपूर आनंद लिया है। चेपॉक में सुपरफैंस द्वारा बनाया गया माहौल इसे और भी खास बनाता है। मैं इतने शानदार इतिहास वाली इस प्रतिष्ठित फ्रेंचाइजी से जुड़ने के लिए बहुत उत्साहित हूं।”

अपने शानदार 14 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में जहीर खान ने भारत के लिए 92 टेस्ट मुकाबलों में 311 विकेट हासिल किए, जबकि 200 वनडे मुकाबलों में उन्होंने 282 विकेट चटकाए हैं। यह दिग्गज गेंदबाज भारत के लिए 17 टी20 मुकाबले खेला, जिसमें इतने ही विकेट चटकाए। बाएं हाथ के इस अनुभवी गेंदबाज ने आईपीएल करियर में 3 टीमों (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स) के लिए कुल 100 मैच खेलते हुए 102 विकेट अपने नाम किए हैं।

सीएसके की मालकिन का बयान 

सीएसके की मालकिन रूपा गुरुनाथ ने कहा, “हमें चेन्नई सुपर किंग्स के हेड कोच के तौर पर जहीर खान की नियुक्ति की पुष्टि करते हुए खुशी हो रही है। जहीर का शानदार क्रिकेट करियर और युवा टैलेंट को निखारने की उनकी साबित हो चुकी काबिलियत उन्हें हमारे सेटअप के लिए एक अहम हिस्सा बनाती है। हमें भरोसा है कि उनका मार्गदर्शन इस फ्रेंचाइजी की नींव को मजबूत करने में मदद करेगा।”

वनडे वर्ल्ड कप 2011 में भारत को खिताबी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले जहीर चेन्नई सुपर किंग्स के खेमे में अपनी रणनीतिक समझ और कोचिंग का अनुभव लेकर आ रहे हैं। आईपीएल 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ मेंटॉर की भूमिका संभालने से पहले, वह मुंबई इंडियंस में क्रिकेट ऑपरेशन्स के डायरेक्टर और ग्लोबल डेवलपमेंट के हेड रह चुके हैं।

जहीर ने इस साल की शुरुआत में बेंगलुरु में बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में इंडिया ‘ए’, अंडर-19 और चुने हुए खिलाड़ियों के ग्रुप के लिए फास्ट-बॉलिंग कैंप भी चलाया था। फ्लेमिंग के सीएसके छोड़ने के बाद कई उम्मीदवारों से लंबी बातचीत के बाद जहीर को नियुक्त किया गया। माना जाता है कि चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने भारतीय हालात और स्थानीय खिलाड़ियों की समझ को देखते हुए भारतीय हेड कोच रखने पर जोर दिया था।

केएस विश्वनाथन का बयान 

चेन्नई सुपर किंग्स के मैनेजिंग डायरेक्टर केएस विश्वनाथन ने कहा, “जहीर एक वर्ल्ड-क्लास बॉलर हैं और कई वर्षों से कई युवा क्रिकेटर्स, खासकर फास्ट बॉलर्स के मेंटॉर रहे हैं। एक खिलाड़ी के तौर पर, 2000 के दशक में भारत की सफलता के पीछे जहीर एक अहम वजह थे। वह क्रिकेट की बेहतरीन समझ रखने वालों में से एक हैं और हम उन्हें अपने परिवार में शामिल करने के लिए उत्साहित हैं।”

Exit mobile version