Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

कीर्ति आजाद ने कहा, खाली होने पर रोहित और कोहली को भी घरेलू क्रिकेट खेलना चाहिये

March 1, 2024

कीर्ति आजाद ने कहा, खाली होने पर रोहित और कोहली को भी घरेलू क्रिकेट खेलना चाहिये

नई दिल्ली: भारत की 1983 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य कीर्ति आजाद ने बृहस्पतिवार को क्रिकेटरों के लिये रणजी ट्रॉफी खेलने के बीसीसीआई के निर्देश का समर्थन करते हुए कहा कि यह अच्छी पहल है और रोहित शर्मा तथा विराट कोहली समेत भारतीय टीम के हर सदस्य पर लागू होनी चाहिये। ईशान किशन और श्रेयस अय्यर को रणजी ट्रॉफी नहीं खेलने के कारण केंद्रीय अनुबंध गंवाना पड़ा है।

आजाद ने पीटीआई वीडियो से कहा ,‘‘ यह निर्देश बहुत अच्छी पहल है। हर किसी को रणजी ट्रॉफी खेलनी चाहिये । पांच दिन का क्रिकेट ही असली क्रिकेट है। घरेलू क्रिकेट खेलना अच्छी बात है।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ जब भी खिलाड़ी खाली हो तो उन्हे अपने प्रदेश के लिये रणजी क्रिकेट खेलना चाहिये । चाहे वह रोहित शर्मा हो या विराट कोहली। प्रदेश ने आपको खिलाड़ी बनने का मौका दिया जिससे आप देश के लिये खेल सके।’’ उन्होंने हालांकि कहा कि सिर्फ ईशान और श्रेयस को सजा देना सही नहीं है।

उन्होंने कहा ,‘‘ सिर्फ दो को सजा देना सही नहीं है। हर किसी को सजा मिलनी चाहिये। सभी को समान नजर से देखा जाना चाहिये।’’ आजाद ने इस पर टिप्पणी से इनकार कर दिया कि क्या ईशान और श्रेयस के लिये रास्ते अब बंद हो चुके हैं।

उन्होंने कहा ,‘‘ मेरा सवाल यह है कि क्या वे पर्याप्त घरेलू क्रिकेट खेल रहे हैं। वे टी20 क्रिकेट खेल रहे हैं और हर प्रदेश में टी20 क्रिकेट लीग है। जब हम खेलते थे तब सारे सदस्य प्रदेश के लिये खेलते थे और इसमें गर्व महसूस करते थे लेकिन अब ऐसा नहीं है।’’ उन्होंने टी20 क्रिकेट और रणजी ट्रॉफी में संतुलन बनाने के लिये ध्रुव जुरेल और सरफराज खान की तारीफ की।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें