Last Updated: October 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिमाचल प्रदेश की लाइफलाइन है HRTC : पंकज चड्ढा

February 5, 2024

हिमाचल प्रदेश की लाइफलाइन है HRTC : पंकज चड्ढा

जोगिंदर नगर (राजीव बहल) : मंडलीय प्रबंधक एचआरटीसी धर्मशाला मंडल पंकज चड्ढा ने कहा कि एचआरटीसी अपनी स्थापना का 50वां वर्ष मना रहा है जो प्रत्येक हिमाचल वासी के लिए गौरवशाली क्षण है। उन्होंने कहा कि 50 साल बाद भी एचआरटीसी के प्रति प्रदेश वासियों ने विश्वास को जगाए रखा है। उन्होंने कहा कि आज एचआरटीसी के प्रति लोगों का जो भावनात्मक रिश्ता कायम हुआ है ये एचआरटीसी से जुड़े प्रत्येक कर्मचारी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से एचआरटीसी के ड्राईवरों की पूरे देश भर में एक अलग पहचान है जिन पर एचआरटीसी गर्व महसूस करता है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में एचआरटीसी पूरे प्रदेश भर में 33 सौ बसों का सफल संचालन कर रहा है जिसमें वोल्वो, इलेक्ट्रिक, एसी, डीलक्स, साधारण बसों से लेकर छोटी वैन तक शामिल हैं। एचआरटीसी ने सामाजिक दायित्वों का बखूबी निर्वहन करते हुए समाज के हर वर्ग को लाभान्वित करने का भी प्रयास किया है। जिसमें जहां महिलाओं को 50 प्रतिशत छूट पर यात्रा उपलब्ध करवाई जा रही है तो वहीं वरिष्ठ नागरिकों को स्मार्ट कार्ड के माध्यम से यात्री किराये में 30 प्रतिशत छूट दी जा रही है। इसके अलावा ग्रीन कार्ड के माध्यम से भी लोगों को किराये में रियायतें प्रदान की जा रही हैं।

इस बीच उन्होंने बेहतरीन सेवाएं प्रदान करने वाले एचआरटीसी जोगिन्दर नगर के चालकों, परिचालकों, मैकेनिकों तथा अन्य स्टाफ को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। इससे पहले मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए क्षेत्रीय प्रबंधक एचआरटीसी जोगिन्दर नगर कुलदीप ठाकुर ने बताया कि मार्च, 2022 से शुरू हुए इस बस डिपो के माध्यम से 55 बसों का संचालन विभिन्न रूटों में किया जा रहा है। प्रतिदिन 98 सौ किलोमीटर का सफर इस डिपो की बसें तय करती हैं। डिपो संचालन के लिए 185 कर्मचारी कार्यरत हैं तथा प्रतिदिन 4 से साढ़े चार लाख रूपये की आय अर्जित हो रही है।

उन्होंने बताया कि सड़क जागरूकता के प्रति भी वाहन चालकों के साथ-साथ आमजन को भी जागरूक करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। इस बीच परिचालक गोपाल के निधन पर उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन भी रखा। इस दौरान स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया जिसमें लगभग 17 एचआरटीसी कर्मियों ने रक्तदान किया। कार्यक्रम में लोक गायक सुभाष राणा तथा एचआरटीसी कर्मी उदय सिंह ने पहाड़ी लोक गीतों के माध्यम से उपस्थित जनों का मनोरंजन किया। इस मौके पर एचआरटीसी क्षेत्रीय प्रबंधक कुलदीप ठाकुर के अतिरिक्त आरएम पठानकोट गोपाल सिंह, अड्डा प्रभारी रमेश कुमार सहित एचआरटीसी जोगिन्दर नगर के चालकों, परिचालकों एवं अन्य स्टाफ सहित कई गण्यमान्य लोग मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें