Site icon Dainik Savera Times

मध्य प्रदेश से गुजरात भेजी जा रही 40 लाख रुपये की अवैध बीयर बरामद, दो गिरफ्तार

इंदौर (मप्र): इंदौर में संगमरमर के चूर्ण की बोरियों की आड़ में गुजरात भेजी जा रही करीब 40 लाख रुपये मूल्य की अवैध बीयर बरामद करते हुए दो तस्करों को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने बताया कि एक मुखबिर की सूचना पर शहर के सुपर कॉरिडोर पर एक ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, तो उसमें अवैध बीयर के 21,240 कैन मिले जिनका मूल्य करीब 40 लाख रुपये है।

उन्होंने बताया,‘‘बीयर की अवैध खेप को संगमरमर के चूर्ण की बोरियों की आड़ में छिपाया गया था। इस खेप को इंदौर जिले के हातोद से गुजरात के दाहोद भेजा जा जा रहा था।” दंडोतिया ने बताया कि ट्रक में सवार दो तस्करों-इंदर रवल (49) और राहुल जायसवाल (30) को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके विस्तृत जांच की जा रही है।

Exit mobile version