Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

नयी वंदे भारत ट्रेनें आर्थिक विकास व पर्यटन को बढ़ाने में करेंगी मदद :मोदी

August 31, 2024

नयी वंदे भारत ट्रेनें आर्थिक विकास व पर्यटन को बढ़ाने में करेंगी मदद :मोदी

चेन्नई: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि नयी वंदे भारत ट्रेन सेवाएं क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को और अधिक बढ़ाने में मदद करेंगी, जिससे पूरे देश में आर्थिक विकास और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उत्तर प्रदेश में मेरठ -लखनऊ, तमिलनाडु में चेन्नई-नागरकोइल और तमिलनाडु के मदुरै-बेंगलुरु (कर्नाटक) तक तीन नयी वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया।

वर्तमान में, इन तीन नयी वंदे भारत सहित लगभग 105 ट्रेनें चालू हैं जो देश भर के 280 से अधिक जिलों को जोड़ती हैं। पहली वंदे भारत ट्रेन ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत 15 फरवरी, 2019 को शुरू की गई थी। सुरक्षा की दृष्टि से, स्वदेश निर्मित वंदे भारत ट्रेनें ‘कवच’ तकनीक, सीसीटीवी कैमरे, आपातकालीन टॉक-बैक इकाइयां, इंटरलॉक दरवाजे, वाहन नियंत्रण कंप्यूटर प्रणाली, इलेक्ट्रो-न्यूमेटिक ब्रेक सिस्टम, 360 डिग्री सेल्सियस तक घूमने वाली कुर्सियाँ, दिव्यांगजनों के अनुकूल शौचालय और एकीकृत ब्रेल साइनेज सहित वंदे भारत ट्रेन उन्नत सुरक्षा सुविधाओं से सुसज्जित है। इसमें उन्नत एयर कंडीशनिंग के कारण ऊर्जा खपत में 15 प्रतिशत की कमी होती है। इसके अलावा, यात्रियों के लिए गुणवत्ता का ध्यान रखा गया है और एक्जीक्यूटिव कोच में 180 डिग्री तक घूमने वाली सीटें, मनोरम दृश्यों के लिए खिड़कियां, जीपीएस-आधारित यात्री जानकारी, एलईडी लाइटिंग और बायो-वैक्यूम शौचालय सहित शानदार सुविधाएं हैं।

ये तीन नई वंदे भारत ट्रेनें क्षेत्र के लोगों को गति और आराम के साथ यात्रा करने के लिए विश्व स्तरीय साधन प्रदान करेंगी और तीन राज्यों, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक को सेवा प्रदान करेंगी। चेन्नई एग्मोर – नागरकोइल वंदे भारत, नागरकोइल को चेन्नई से जोड़ने वाला पहला वंदे भारत है। यह ट्रेन तमिलनाडु राज्य में 726 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और तमिलनाडु के 12 जिलों कन्याकुमारी, तिरुनेलवेली, थूथुकुडी, विरुधुनगर, मदुरै, डिंडीगुल, त्रिची, पेरम्बलुर, कुड्डालोर, विल्लुपुरम, चेंगलपट्टू, चेन्नई के लोगों को आधुनिक और तेज़ ट्रेन यात्रा का अनुभव प्रदान करेगी। इसके अलावा, यह ट्रेन सेवा तीर्थयात्रियों को दिव्य अरुलमिगु मीनाक्षी अम्मन मंदिर, मदुरै और कुमारी अम्मन मंदिर, कन्याकुमारी की यात्रा करने में सुविधा प्रदान करेगी।

ट्रेन आठ घंटे में 726.06 किलोमीटर की दूरी तय करती है, जो चेन्नई, तिरुचिरापल्ली, मदुरै-नागरकोइल कॉरिडोर में यह सबसे तेज सेवा है, जिससे मौजूदा तेज ट्रेनों की तुलना में लगभग दो घंटे की बचत होगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें