Site icon Dainik Savera Times

ईमेल के जरिये तमिलनाडु के दो कॉलेजों और आठ स्कूलों को मिली बम से उड़ने की धमकी

तिरुचिरापल्ली: तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली जिले में गुरुवार को दो निजी स्वायत्त कॉलेज और आठ स्कूलों को ईमेल के माध्यम से बम धमकी मिली।

पुलिस ने कहा कि 180 वर्ष पुराने सेंट जोसेफ कॉलेज (स्वायत्त), होली क्रॉस कॉलेज (स्वायत्त), इसके अलावा कैंपियन एंग्लो-इंडियन हायर सेकेंडरी स्कूल, समाध हायर सेकेंडरी स्कूल, मोंटफोर्ट स्कूल, आचार्य शिक्षा मंदिर स्कूल), राजम कृष्णमूर्ति पब्लिक स्कूल और अमृता विद्यालयम स्कूल समेत शहर और जिले के आठ स्कूलों को आज सुबह एक ईमेल मिला जिसमें धमकी दी गई कि संस्थानों में कभी भी बम विस्फोट हो सकता है।

सूचना मिलने पर, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, तमिलनाडु बम जांच एवं निपटान दस्ता (बीडीडीएस) और तमिलनाडु अग्निशमन एवं बचाव सेवा विभाग के कर्मियों के साथ, अलग-अलग टीम बनाकर संस्थानों के परिसर की गहन जांच की। खोजी कुत्तों को भी सेवा में लगाया गया। फिलहाल कोई विस्फोटक नहीं मिला है, लेकिन तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने बम की धमकी को अफवाह होने का संदेह जताया।

ईमेल भेजने वाले का नाम हालांकि,स्वेता बालाकृष्णन बताया गया है, लेकिन साइबर क्राइम विंग पुलिस द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि असली भेजने वाला कौन है और यह भी पता लगाया जा सके कि ईमेल शैक्षिक संस्थानों को किस इंटरनेट प्रोटोकॉल एड्रेस से भेजा गया है।

पिछले कुछ हफ्तों में तमिलनाडु के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की यह तीसरी धमकी है। इससे पहले, 29 अगस्त को, इरोड स्थित इंडियन पब्लिक स्कूल और सेलम, तिरुचिरापल्ली और तिरुनेलवेली स्थित उसके परिसरों को फर्जी बम धमकी वाले ईमेल मिले थे, जबकि मदुरै के चार सीबीएसई स्कूलों को 30 सितंबर को इसी तरह की धमकियां मिली थीं।

Exit mobile version