Site icon Dainik Savera Times

ओडिशा के कोरापुट में वाहन पलटने से दो लोगों की मौत, 40 अन्य घायल

भुवनेश्वर: ओडिशा के कोरापुट जिले में एक पिकअप वैन के पलटने से दो लोगों की मौत हो गई और 40 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, सभी लोग वैन में सवार होकर विवाह कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे।

पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना कुंद्रा थाना क्षेत्र में खटलापदर पुल के नजदीक हुई। विवाह समारोह में शामिल होने के लिए लोग वाहन में सवार होकर बोइपरिगुडा ब्लॉक के दलापुर गांव से बोरीगुम्मा ब्लॉक के ग्राम नुआगांव की ओर जा रहे थे।

पुलिस ने बताया कि चालक ने खचाखच भरी पिकअप वैन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसकी वजह से वाहन पलट गया। पुलिस के मुताबिक, हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला। पुलिस ने बताया कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 40 अन्य लोगों को जेपोर के जिला अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस के मुताबिक, छह घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए कोरापुट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

Exit mobile version