Site icon Dainik Savera Times

इंडिया स्मार्ट सिटी कॉन्क्लेव में यूपी का बेहतरीन प्रदर्शन

इंदौर: केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रलय की ओर से इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित दो दिवसीय इंडिया स्मार्ट सिटी कान्क्लेव 2023 में उत्तर प्रदेश को विभिन्न श्रेणियों में 10 पुरस्कार हासिल हुए हैं।देश की सौ स्मार्ट सिटी के बीच विभिन्न श्रेणियों में कान्टेस्ट का आयोजन बीते वर्ष केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रलय ने कराया था, जिसमें उत्तर प्रदेश का आगरा शहर टॉप थ्री में स्थान बनाने में कामयाब हुआ है। दो दिन तक इंदौर में आयोजित हुए कॉन्क्लेव में बुधवार को पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुमरू ने यूपी को तीसरा बेस्ट स्टेट अवार्ड भी प्रदान किया। प्रदेश सरकार की ओर से प्रमुख सचिव नगर विकास विभाग अमृत अभिजात, व स्मार्ट सिटी मिशन डायरेक्टर धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने पुरस्कार ग्रहण किया।

गौरतलब है कि यूपी के सभी नगर निगमों में स्मार्ट सिटी के साथ-साथ सेफ सिटी बनाये जाने का कार्य भी प्रगति पर है। इनमें इन्टीग्रेटेड कमाण्ड एण्ड कन्ट्रोल सेन्टर, आईटी के विभिन्न कम्पोनेंट, सीसीटीवी इत्यादि तथा महिलाओं, वृद्धों, दिव्यांगों व बच्चों के लिए जरुरी सुविधायें और सेवाएं उपलब्ध कराये जाने की कार्रवाई जारी है। इन प्रयासों का परिणाम भी धरातल पर दिखाई देने लगा है। स्मार्ट स्मार्ट सिटी शहरों की रैकिंग में प्रदेश के 2 शहर (आगरा व वाराणसी) निरन्तर प्रथम 10 शहरों व तीन शहर (आगरा, वाराणसी व कानपुर) प्रथम 20 शहरों में शामिल रहते हैं।

बेस्ट स्टेट की श्रेणी में उत्तर प्रदेश को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ है जबकि नेशनल स्मार्ट सिटी अवार्ड कैटेगरी में आगरा को तीसरा स्थान मिला है। सिटी अवार्ड कैटेगरी में नार्थ जोन के 10 लाख से अधिक की आबादी वाले स्मार्ट सिटी शहरों में वाराणसी को प्रथम स्थान मिला है। प्रोजेक्ट अवॉर्ड के बिल्ड इन्वायरमेंट श्रेणी में कानपुर को पालिका स्पोर्ट स्टेडियम के आधुनिकीकरण व विकास कार्य के लिए तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है वहीं इकोनॉमी श्रेणी में रोजगार ट्रेनिंग सेन्टर कार्य के लिए लखनऊ को तृतीय स्थान मिला है।

स्मार्ट सिटी मिशन के अन्तर्गत प्रदेश के 10 शहर आगरा, अलीगढ़, बरेली, झांसी, कानपुर, लखनऊ, मुरादाबाद, प्रयागराज, सहारनपुर और वाराणसी शामिल हैं। इन शहरों में 9313.45 करोड़ रुपए की लागत से स्वच्छता, जलापूर्ति, पथ-प्रकाश, सीवरेज जैसी बेहतर नागरिक सुविधाओं के साथ-साथ स्मार्ट मार्ग, स्मार्ट पार्किंग, पार्को एवं वाटर बॉडीज की कुल 670 परियोजएं प्रस्तावित हैं। अबतक 5889.14 करोड़ रुपए की 456 परियोजनाओं को पूरा कर लिया गया है, जबकि 3424.31 करोड़ रुपये की लागत से 214 कार्य प्रगति पर हैं। इसमें भी प्रदेश के आगरा, कानपुर, वाराणसी व झांसी को पूर्ण धनराशि प्राप्त हो चुकी है, जबकि लखनऊ, बरेली, प्रयागराज व अलीगढ़ द्वारा मात्र अन्तिम किस्त की धनराशि प्राप्त की जानी है।

 

Exit mobile version