Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

संभल में कोल्ड स्टोरेज हादसे में 13 की मौत, घायलों से CM Yogi ने की मुलाकात

March 18, 2023

संभल में कोल्ड स्टोरेज हादसे में 13 की मौत, घायलों से CM Yogi ने की मुलाकात

संभल: उत्तर प्रदेश में संभल जिले के चंदौसी क्षेत्र में कोल्ड स्टोर हादसे में मरने वालों की संख्या 13 हो गयी है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गुरुवार को दोपहर के समय कोतवाली क्षेत्र चंदौसी में ग्राम बराही के पास स्थित ए आर कोल्ड स्टोर का एक चेंबर ढह गया था, जिसके मलबे व आलू की बोरियों के बीच काफी किसान व मजदूर दब गए थे। शुक्रवार शाम तक मलबे से 23 लोगों को बाहर निकाला जा चुका था, जिनमें 13 की मौत हो गई है जबकि चार घायल मुरादाबाद का इलाज मुरादाबाद में चल रहा है। छह को उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। एक व्यक्ति थाना चंदौसी के अंतर्गत के ग्राम कैथल के निवासी रामवीर के अभी मलबे में दबे हुए होने की संभावना है।

इससे पहले आज दोपहर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार शाम तीर्थांकर महावीर मेडिकल कालेज अस्पताल का दौरा किया और वहां भर्ती कोल्ड स्टोरेज के चार कर्मियों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होने मौजूद डाक्टरों को मरीजों के समुचित उपचार के निर्देश दिये। योगी ने कहा कि हादसे में मृत लोगों के आश्रितों को दो दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जा रही है वहीं घायलों को निशुल्क इलाज के साथ 50-50 हजार रुपये दिये जायेंगे। इसके अलावा किसानो को कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत पांच पांच लाख रुपये की धनराशि दी जायेगी।

उन्होने कहा कि मुरादाबाद के मंडलायुक्त और पुलिस उपमहानिरीक्षक की अध्यक्षता में हादसे की जांच के लिये कमेटी का गठन किया गया है। जांच में जो भी दोषी पाया जायेगा,उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी। उन्होने कहा कि राहत एवं बचाव कार्य अभी जारी है। इसके लिये एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के जवानों के साथ स्थानीय दमकल और पुलिस के जवान कार्यरत हैं।

जिलाधिकारी मनीष बंसल ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार दोपहर कोतवाली क्षेत्र में चंदौसी क्षेत्र के ग्राम बराही के पास ए आर कोल्ड स्टोर का एक चेंबर ढह गया था जिसके मलबे और आलू की बोरियों के बीच काफी किसान और मजदूर दब गए थे। रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी चल रहा है। इस दौरान कंक्रीट की छत को पूरी तरह से हटा दिया गया है तथा अब आलू के बोरों और चट्टों को हटाया जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें