Site icon Dainik Savera Times

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में बस के पलटने से 50 यात्री घायल, आठ की हालत गंभीर

पीलीभीत। उत्तर प्रदेश में पीलीभीत जिले के अमरिया क्षेत्र में पीलीभीत-सितारगंज राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक निजी बस के अनियंत्रित होकर पलट जाने से 50 यात्री घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि पीलीभीत-सितारगंज राजमार्ग पर 21 और 22 अगस्त की दरम्यानी रात करीब एक बजे बस के पलट जाने से 50 लोग घायल हो गये। सूत्रों के मुताबिक उनमें से आठ को गम्भीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया है।

शेष घायलों को अमरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में प्राथमिक उपचार कराने के बाद छुट्टी दे दी गयी। पुलिस के अनुसार यह निजी बस बहराइच से 70 यात्रियों को लेकर जालंधर जा रही थी। बुधवार आधी रात के बाद पीलीभीत के अमरिया थाना क्षेत्र के बड़ेपुरा के पास सम्भवत: बस चालक को झपकी आ गई। नतीजतन बस अनियंत्रित होकर खाई में जा पलटी। स्थानीय लोगों और पुलिस ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

Exit mobile version