Dainik Savera Times

सेक्टर 7 में 6UP Girls Battalion NCC एवं UP Naval NCC के लगभग 90 कैडेट्स ने चलाया व्यापक स्वच्छता अभियान

प्रयागराज(आकाश द्विवेदी) : महाकुम्भ 2025 के सफल आयोजन के उपरांत, प्रयागराज मेला प्राधिकरण द्वारा मेला क्षेत्र की स्वच्छता सुनिश्चित करने हेतु नियमित स्वच्छता अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को सेक्टर 7 में एक व्यापक स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश 6 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी एवं यूपी नेवल एनसीसी के लगभग 90 कैडेट्स ने सक्रिय सहभागिता की।

एनसीसी कैडेट्स ने संभाली जिम्मेदारी
इस अभियान का नेतृत्व सुबेदार मेजर हरविंदर सिंह, लेफ्टिनेंट कर्नल फराह दीबा एवं पीआई अरविंद कुमार ने किया। कैडेट्स ने पूरे क्षेत्र में सफाई कार्य करते हुए कचरा संग्रहण एवं निष्पादन सुनिश्चित किया, जिससे कुम्भ मेला क्षेत्र की स्वच्छता एवं पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायता मिली।

कैडेट्स को किया गया सम्मानित
स्वच्छता अभियान का आयोजन प्रयागराज मेला प्राधिकरण के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी (SDM) आशुतोष, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता अधिकारी (SMO) डॉ. विवेक कुमार पांडेय सहित अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे। अभियान दो घंटे तक चला, जिसमें कैडेट्स ने पूरी निष्ठा एवं ऊर्जा के साथ भाग लिया। समापन के अवसर पर कैडेट्स को खाद्य पैकेट एवं जूट व कॉटन बैग प्रदान किए गए, जिससे उनकी सेवा भावना को और अधिक प्रेरणा मिल सके। प्रयागराज मेला प्राधिकरण ने इस पहल को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई एवं सभी को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने हेतु प्रेरित किया।

ये भी पढ़ें- चंडीगढ़ में CM मान ने 8वीं के टॉपर्स से की मुलाकात, भविष्य की सफलता के लिए दीं शुभकामनाएं

Exit mobile version