Accident News : कन्नौज जिले के गुरसहायगंज क्षेत्र में बालू से भरे डंपर की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने बालू लेने जा रहे तीन अन्य डंपरों पर पथराव किया और मृतक युवकों के शव सड़क पर रखकर रास्ता जाम कर दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अजय कुमार ने बुधवार को बताया कि मंगलवार रात गुरसहायगंज थाना क्षेत्र के गुगरापुर इलाके में संयोगिता मार्ग पर पड़ापुर गांव के पास बालू से भरे डंपर की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार प्रभाकांत (22) और अजय वर्मा (20) की मौत हो गई। घटना के बाद डंपर चालक अपने वाहन सहित फरार हो गया।
शव को सड़क पर रखकर रास्ता किया जाम-
उन्होंने बताया कि गुस्साए ग्रामीणों ने पथराव कर बालू ले जा रहे डंपरों को क्षतिग्रस्त कर दिया और शव को सड़क पर रखकर रास्ता जाम कर दिया। इसके बाद रात 11 बजे जाम खुल सका।
पहले हुई दुर्घटना पर भी नहीं हुई कोई कार्रवाई-
ग्रामीणों का आरोप है कि खनन ठेकेदार निर्धारित खनन अनुबंध से अधिक रेत निकालते हैं। करीब 20 दिन पहले डंपर की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर अपर पुलिस अधीक्षक ने अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया।

