Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली पहुंचकर CM Yogi ने विशिष्ट अतिथियों को महाकुम्भ के लिए किया आमंत्रित

December 29, 2024

दिल्ली पहुंचकर CM Yogi ने विशिष्ट अतिथियों को महाकुम्भ के लिए किया आमंत्रित

नई दिल्ली: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को नई दिल्ली में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मिजोरम के राज्यपाल जनरल वीके सिंह से मुलाकात की और प्रयागराज में होने जा रहे महाकुम्भ 2025 के लिए उन्हें आमंत्रित किया। सीएम योगी ने समस्त महानुभावों को निमंत्रण पत्र के साथ ही महाकुम्भ 2025 के लोगो वाला प्रतीक चिन्ह, कलश, महाकुम्भ से जुड़ा साहित्य और नव वर्ष का टेबल कैलेंडर व डायरी भेंट की।

इन सभी विशिष्टजनों को 13 जनवरी से 26 फरवरी 2025 तक आयोजित होने जा रहे महाकुम्भ के लिए आमंत्रित करने के लिए मुख्यमंत्री योगी स्वयं शनिवार को दिल्ली में थे। उन्होंने सबसे पहले मिजोरम के राज्यपाल जनरल (रिटायर्ड) वीके सिंह से यूपी सदन में शिष्टाचार भेंट कर उन्हें आमंत्रित किया। इसके बाद उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से भी उनके सरकारी आवास पर भेंट कर उन्हें महाकुम्भ 2025 में आने का निमंत्रण दिया।

इसके बाद सीएम योगी गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और फिर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मिलने उनके सरकारी आवास पर पहुंचे। शिष्टाचार भेंट के साथ ही सीएम योगी ने सभी विशिष्टजनों को महाकुम्भ से संबंधित उपहार भी भेंट किए।

इनमें महाकुम्भ के लोगो वाला प्रतीक चिन्ह, महाकुम्भ की पहचान का प्रतीक कलश, महाकुम्भ संबंधी साहित्य समेत नव वर्ष का टेबल कैलेंडर और डायरी भेंट की। सीएम योगी ने अपने एक्स हैंडल पर सभी विशिष्टजनों से भेंट की तस्वीर पोस्ट करते हुए अपना अमूल्य समय प्रदान करने के लिए उनका आभार भी जताया।

उल्लेखनीय है कि महाकुम्भ के शुभारंभ को अब महज 15 दिन का ही समय रह गया है। सीएम योगी की मंशा के अनुरूप योगी सरकार के मंत्रीगण विभिन्न राज्यों में जाकर वहां के विशिष्ट और आमजनों को महाकुम्भ के लिए आमंत्रित कर रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को सीएम योगी भी दिल्ली में विशिष्ट लोगों को आमंत्रित करने पहुंचे।

ये भी देखें : Gold-Silver Rates: सोना-चांदी के दाम आज बढ़े या घटे? जानें अपने शहर में इनके लेटेस्ट रेट

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें