Site icon Dainik Savera Times

आगरा: मकान की छत गिरने से दबकर बालक और किशोर की मौत

आगरा: उत्तर प्रदेश में आगरा जिले की तहसील खेरागढ़ के नगला उदैया मार्ग स्थित एक मकान की पत्थर से बनी छत गिरने से मलबे में दबकर एक बच्चे और एक किशोर की मौत हो गई है। एक की हालत गंभीर है। यह हादसा मंगलवार देर रात करीब नगला उदैया मार्ग स्थित सुभाष अग्रवाल के घर पर हुआ। घायल महिला सुरभि अग्रवाल पत्नी विष्णु अग्रवाल का इलाज चल रहा है। उसके बेटे आरुष (5) और पुनीत (17) पुत्र ब्रजेश की मौत हुई है।

सुभाष चंद दोनों बेटों विष्णु और ब्रजेश के संयुक्त परिवार के साथ एक ही साथ घर में रहते हैं। विगत रात करीब 11 बजे ब्रजेश की बेटी का रिश्ता तय करके परिवार के सभी सदस्य आगरा से लौटे थे। घर आने पर पता चला कि बृजेश के कमरे का एसी खराब है तो सभी लोग विष्णु के कमरे में सो गए। एक ही कमरे में दोनों भाई विष्णु और ब्रजेश, ब्रजेश का बेटा पुनीत (17), विष्णु का बेटा आरुष (05), उसकी गर्भवती पत्नी सुरभि अग्रवाल (26) सोए थे। देर रात कमरे की छत अचानक से भरभराकर गिर गई। मलबे में परिवार के सभी लोग दब गए। तेज आवाज सुनकर आस पास के लोग दौड़े।

गनीमत रही कि विष्णु और ब्रजेश को काफी चोट नहीं लगी। वे दोनों किसी तरह मलबे से खुद ही बाहर निकले। इसके बाद अन्य लोगों के साथ मिलकर घर के अन्य तीन लोगों को भी बाहर निकाला। बाहर निकलते-निकलते विष्णु की पत्नी सुरभि के हाथ पर छत की पटिया गिरी, जिससे वह चोटिल हो गई। आस पास के लोग तीनों घायलों को जल्दी से अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर आरुष और पुनीत को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, सुरभि के हाथ और पीठ पर गंभीर चोट लगी है। मामले की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।

Exit mobile version