
यादव ने दावा किया कि भाजपा सरकार के नौ साल के कार्यकाल में एक भी यूनिट बिजली का उत्पादन नहीं बढ़ा है, केवल बिजली का बिल बढ़ाया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ह्लप्रदेश में बिजली को लेकर हाहाकार है, प्रदेश भर में बिजली की अघोषित कटौती हो रही है। धान की रोपाई का समय चल रहा है, लेकिन किसानों को बिजली नहीं मिल रही है। छोटे शहरों और गांवों में बिजली की स्थिति बेहद खराब है। यादव ने कहा कि भाजपा सरकार जानबूझकर बिजली व्यवस्था खराब कर रही है, क्योंकि सरकार बिजली विभाग को निजी हाथों में बेचने की तैयारी कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा की दिल्ली की सरकार हो या उत्तर प्रदेश की सरकार दोनों सब कुछ बेचने पर उतारू हैं। सपा प्रमुख ने कहा कि सरकार बिजली की खराब स्थिति का ठीकरा कर्मचारियों के सिरफोड़ कर निजीकरण करने की जमीन तैयार कर चुकी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में आज जनता को जो भी बिजली मिल रही है, वह समाजवादी पार्टी की सरकार में लगाये गये ऊर्जा संयंत्रों से मिल रही है। यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी सरकारी विभागों के निजीकरण के खिलाफ है और प्रदेश की जनता भाजपा की कथनी करनी के अंतर को समझ चुकी है।