Site icon Dainik Savera Times

Akhilesh Yadav ने कसा तंज, कहा- भाजपा जैसा ही खाद का हाल…

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा राज में भाजपा जैसा ही खाद का हाल हो गया है। भाजपा की प्रदेश इकाई के प्रवक्ता हरिश्चंद्र श्रीवास्तव ने यादव पर पलटवार करते हुए कहा कि मुझे लग रहा है कि सपा प्रमुख को खाद को लेकर सरकार द्वारा की जा रही कार्रवाई से पीड़ा है।

यादव ने रविवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट में शायराना अंदाज में कहा है चमचम बोरी नकली माल, भाजपा जैसा खाद का हाल, भाजपा राज में। यादव ने इसी पोस्ट में दो मिनट 23 सेकंड का खबर का एक वीडियो साझा किया जिसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तस्वीर लगी बोरियों में नकली खाद की बिक्री की जानकारी दी गई है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता हरिश्चंद्र श्रीवास्तव ने सपा प्रमुख के बयान पर पलटवार करते हुए कहा, ‘‘सपा मुखिया अखिलेश जी की परेशानी का कारण योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सरकार की भ्रष्टाचार और अपराध मुक्त उत्तर प्रदेश की नीति है। उन्होंने कहा, ‘‘जब भी अपराधियों और भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई होती है, सपा मुखिया परेशान हो जाते हैं।

श्रीवास्तव ने कहा, ‘‘अभी चंद दिन पहले ही योगी सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के निर्देश पर कई खाद विक्रेताओं की जांच की गई थी, कई के खिलाफ कार्रवाई हुई और सीतापुर जिले के कृषि अधिकारी निलंबित भी किए गए हैं।’’ भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया, ‘‘मुझे लगता है कृषि मंत्री शाही द्वारा जिलो में ‘र्फिटलाइजर’ को लेकर की जा रही जांच और कार्रवाई से अखिलेश जी पीड़ा में हैं।’’

Exit mobile version