Site icon Dainik Savera Times

अलीगढ़ में दर्दनाक हादसा: चलती स्कूल बस का फर्श टूटा, 8 साल की बच्ची की मौत

Bus Accident

Bus Accident

अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। जहां, शनिवार दोपहर एक स्कूल बस में बड़ा हादसा हो गया। बच्चों को लेकर जा रही बस का अचानक फर्श टूट गया। फर्श टूटने से बस में बैठी 8 साल की एक मासूम बच्ची नीचे सड़क पर गिर गई और बस के पहिये के नीचे आ गई। इस हादसे में उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना ढोलना इलाके के पास हुई। स्कूल बस बच्चों को लेकर गंगीरी की ओर जा रही थी। रास्ते में अचानक बस का फर्श टूट गया। उसी समय बस में सवार 8 साल की छात्रा अनन्या फर्श टूटने से नीचे गिर गई। बस चल रही थी, इसलिए ड्राइवर को तुरंत पता नहीं चला कि क्या हुआ है।

 

बहन को गिरते देख भाई ने मचाया शोर
बस में अनन्या का बड़ा भाई भी मौजूद था। जैसे ही उसने अपनी बहन को नीचे गिरते देखा, वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा। उसके चिल्लाने पर ड्राइवर ने बस रोकी। बस रोकने के बाद ड्राइवर ने घायल बच्ची को उठाकर बस की पीछे वाली सीट पर लिटा दिया। उस समय बच्ची बुरी तरह लहूलुहान थी। ड्राइवर ने परिजनों को फोन कर बताया कि बच्ची को चोट लग गई है। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

 

चालक बस छोड़कर भागने लगा, ग्रामीणों ने पकड़ा
हादसे के बाद बस चालक बच्ची के शव को बस में छोड़कर वहां से भागने लगा। यह देख आसपास के ग्रामीणों में गुस्सा फैल गया। ग्रामीणों ने भागते हुए ड्राइवर को पकड़ लिया। घटना से नाराज लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। हालात तनावपूर्ण हो गए।

 

पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और जाम खुलवाया। इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।

 

परिवार में पसरा मातम
अनन्या गंगीरी थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। उसके पिता रवि गंगीरी चौराहे पर जनसेवा केंद्र चलाते हैं। परिवार में माता-पिता के अलावा एक बेटा और एक बेटी थे। अनन्या माउंट इंटरनेशनल स्कूल में यूकेजी में पढ़ती थी। उसका बड़ा भाई गोलू उसी स्कूल में कक्षा 3 का छात्र है। दोनों भाई-बहन रोज स्कूल बस से ही आते-जाते थे। शनिवार को स्कूल से घर लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया। बेटी की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

हादसा कासगंज में हुआ
गंगीरी क्षेत्र के सीओ संजीव कुमार के अनुसार, हादसा कासगंज जिले के ढोलना गांव के पास हुआ। इसलिए बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए कासगंज भेजा गया है। बच्ची के पिता ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ शिकायत (तहरीर) दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

स्कूल प्रबंधन का आया बयान
माउंट इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधन ने इस घटना को एक दुखद हादसा बताया है। उनका कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। साथ ही उन्होंने मृत बच्ची के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

 

 

Exit mobile version