Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

अयोध्या में 14 फरवरी तक बंद रहेंगे 12वीं तक के सभी स्कूल, डीएम ने जारी किया आदेश

February 11, 2025

अयोध्या में 14 फरवरी तक बंद रहेंगे 12वीं तक के सभी स्कूल, डीएम ने जारी किया आदेश

All schools class till February 14
संगम नगरी प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ के कारण अयोध्या पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में भी इजाफा हो रहा है, जिसके चलते स्थानीय लोगों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। इसका सीधा असर अयोध्या के छात्रों पर भी पड़ रहा है। इस बीच, प्रशासन ने अयोध्या में सभी स्कूलों को बंद करने का निर्णय लिया है।

अयोध्या के जिलाधिकारी ने आदेश जारी करते हुए कहा कि 14 फरवरी तक अयोध्या के कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। यह निर्णय जिला प्रशासन ने अयोध्या में आ रही भारी भीड़ को देखते हुए लिया है।

आदेश में कहा गया, महाकुंभ मेला- 2025 के दृष्टिगत माघ पूर्णिमा के संगम स्नान के उपरांत लाखों श्रद्धालुओं द्वारा धर्मनगरी अयोध्या के पवित्र सरयू नदी में स्नान कर विभिन्न मठ या मंदिरों का दर्शन पूजन किया जाएगा, जिसके कारण अयोध्या धाम में बहुत अधिक श्रद्धालुओं के इकट्ठा होने की संभावना है। वर्तमान समय में अत्यधिक संख्या में श्रद्धालु एकत्रित भी हैं।

इसके कारण छात्र-छात्राओं के हित में नगर निगम, अयोध्या के अयोध्या धाम परिक्षेत्र में अवस्थित बेसिक शिक्षा विभाग एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित समस्त बोर्ड की कक्षा प्री-प्राइमरी से 12 तक के समस्त परिषदीय, राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, निजी मान्यता प्राप्त (सीबीएसई/आईसीएसई बोर्ड सहित) विद्यालयों में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं हेतु दिनांक 11.02.2025 से 14.02.2025 तक के लिए अवकाश घोषित किया जाता है।

आदेश में कहा गया कि उक्त अवधि में बोर्ड परीक्षा से संबंधित जो भी प्रायोगात्मक परीक्षाएं संचालित हैं, वह यथावत रहेंगी। परिषदीय/सहायता प्राप्त विद्यालयों में छात्र-छात्राओं हेतु शैक्षिक कार्य स्थगित रहेगा, लेकिन समस्त शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं अन्य कर्मी विद्यालय अवधि में उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। उक्त आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

हाल ही में रामनगरी ने नया कीर्तिमान गढ़ा था। 26 जनवरी से बसंत पंचमी यानी तीन फरवरी तक अयोध्या में एक करोड़ से भी अधिक श्रद्धालु पहुंचे, जो एक नया रिकॉर्ड है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें