Site icon Dainik Savera Times

UP में दो नए निजी विश्वविद्यालयों के संचालन को मंजूरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में उच्च शिक्षा की व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राज्य सरकार ने दो नए निजी विश्वविद्यालयों के संचालन को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर राज्य सरकार ने अयोध्या में महर्षि महेश योगी रामायण विश्वविद्यालय की स्थापना की अनुमति दे दी है। साथ ही गाजियाबाद में अजय कुमार गर्ग विश्वविद्यालय के निर्माण के लिए आशय पत्र जारी कर दिया है। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि सरकार निजी क्षेत्र की भागीदारी के जरिए उच्च शिक्षा में नवाचार और बुनियादी ढांचे के विकास को प्रोत्साहित कर रही है।

उन्होंने बताया कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने तथा युवाओं को स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षण संस्थानों तक पहुंच प्रदान करने के लिए दोनों विश्वविद्यालय प्रस्तावों को समयबद्ध प्रक्रिया के तहत मंजूरी दी गई है। मंत्री ने बताया कि अयोध्या में महर्षि महेश योगी रामायण विश्वविद्यालय को उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय (संशोधन) अधिनियम, 2025 के तहत आधिकारिक रूप से अधिसूचित कर अनुमति प्रदान कर दी गई है।

यह विश्वविद्यालय अब निर्धारित शर्तों और आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार औपचारिक रूप से संचालित हो सकेगा। उन्होंने बताया कि इसी तरह भारतीय प्रबंधन एवं इंजीनियरिंग सोसायटी, गाजियाबाद द्वारा प्रस्तावित अजय कुमार गर्ग विश्वविद्यालय को उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय अधिनियम, 2019 की धारा छह के तहत आशय पत्र जारी किया गया है। उच्च शिक्षा मंत्री ने बताया कि विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए संस्थान को कुछ आवशय़कताओं को पूरा करना होगा। इनमें न्यूनतम पांच करोड़ रुपये की बंदोबस्ती निधि, शहरी क्षेत्र में 20 एकड़ भूमि और कम से कम 24 हजार वर्ग मीटर का शैक्षणिक बुनियादी ढांचा शामिल है।

Exit mobile version