Site icon Dainik Savera Times

चिड़ियाघर में जानवरों को ठंड से बचाने के लिए किया गया हीटर और कंबल का इंतजाम

लखनऊः उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड के बीच लखनऊ के नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान ने जानवरों को राहत पहुंचाने के लिए हीटर और कंबलों का इंतजाम किया है। लखनऊ प्राणि उद्यान के निदेशक विष्णु कांत मिश्र ने रविवार को कहा, कि राजधानी में ठंड के प्रकोप से चिड़ियाघर के जानवर भी अछूते नहीं हैं। जानवरों को राहत दिलाने के लिए उनके बाड़े में हीटर लगवाए गए हैं। साथ ही कंबल का भी प्रबंध किया गया है। मिश्र ने बताया कि बाघ, बब्बर शेर और भालुओं के बाड़े में हीटर और कंबल के अलावा पुआल भी डाला गया है, ताकि उस पर बैठने से उन्हें गर्मी मिल सके।

उन्होंने बताया कि सरीसृप नस्ल के जीवों के बाड़े में भी हीटर लगाए गए हैं, क्योंकि उन्हें अपने शरीर का तापमान बनाए रखने के लिए ऊष्मा की लगातार जरूरत होती है। मिश्र के मुताबिक, सर्दी से बचाव के लिए चिड़ियाघर के जानवरों और परिंदों के आहार में भी बदलाव किया गया है। उन्हें अधिक वसा और प्रोटीन वाला खाना दिया जा रहा है, ताकि उनके शरीर में ऊर्जा का स्तर बना रहे।

Exit mobile version