Site icon Dainik Savera Times

Ayodhya News: मंदिर में भगवान राम की ससुराल से पहुंचाया जाएगा पाग, पान और मखाने का नजराना

अयोध्या। अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर में भगवान श्री राम की ससुराल यानी बिहार के मिथिला से पाग, पान और मखाना पहुंचाया जाएगा। इन उपहारों की व्यवस्था पटना का प्रसिद्ध महावीर मंदिर करेगा। महावीर मंदिर के सचिव पूर्व आईपीएस किशोर कुणाल ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी देने के साथ ही बताया कि 15 जनवरी से एक महीने तक अयोध्या में महावीर मंदिर द्वारा भक्तों के लिए एक भव्य लंगर भी चलाया जाएगा। शास्त्र के अनुसार, राम की पत्नी माता सीता मिथिला की थीं। कुणाल ने बताया, उद्घाटन समारोह के लिए देशभर से अयोध्या पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए राम रसोई 15 जनवरी से 15 फरवरी तक सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक चलेगी।

उन्होंने दावा किया कि उच्चतम न्यायालय में राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद विवाद की सुनवाई के दौरान राम मंदिर के पक्ष में अहम साक्षय़ उपलब्ध कराने में महावीर मंदिर ने अहम भूमिका निभाई। कुणाल ने बताया कि राम मंदिर निर्माण के लिए महावीर मंदिर ने 10 करोड़ रुपये का योगदान देने का ऐलान किया था। उसमें से आठ करोड़ रुपये दिये जा चुके हैं। बाकी दो करोड़ रुपये की राशि उद्घाटन से पहले 15 जनवरी को दी जायेगी। कुणाल के मुताबिक, राम मंदिर निर्माण के लिए अकेले किसी संगठन या व्यक्ति द्वारा दी गई यह सबसे बड़ी रकम है। अयोध्या में बन रहे भव्य मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा आगामी 22 जनवरी को की जाएगी। इसके लिये जोरदार तैयारियां की जा रही हैं।

Exit mobile version