यूपी डेस्क। उत्तर प्रदेश की धर्मनगरी अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक गरिमा को बनाए रखने के लिए प्रशासन ने एक बड़ा और सख्त निर्णय लिया है। अब अयोध्या में नॉनवेज भोजन की बिक्री और आपूर्ति पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह फैसला 8 जनवरी से लागू हो चुका है और इसका पालन सख्ती से कराया जाएगा। होटल, ढाबे और दुकानों पर पूरी तरह रोक लगाया गया है। प्रशासन के आदेश के अनुसार अब अयोध्या में होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट, दुकानें, होम-स्टे किसी भी जगह मांसाहारी भोजन नहीं परोसा जाएगा। अगर कोई होटल या ढाबा नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसका लाइसेंस रद्द किया जा सकता है।
ऑनलाइन फूड डिलीवरी पर भी प्रतिबंध
यह प्रतिबंध सिर्फ दुकानों तक सीमित नहीं है। अब Zomato, Swiggy, अन्य ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनियां भी अयोध्या में नॉनवेज खाना डिलीवर नहीं कर पाएंगी। प्रशासन ने सभी ऑनलाइन डिलीवरी कंपनियों को इस फैसले की जानकारी दे दी है।
परिक्रमा मार्ग में भी नहीं मिलेगा नॉनवेज
पंचकोसी परिक्रमा मार्ग और राम मंदिर के 15 किलोमीटर के दायरे में अब कहीं भी मांसाहारी भोजन नहीं मिलेगा। श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
बार-बार मिल रही थीं शिकायतें
प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि प्रतिबंध के बावजूद कुछ होटल और होम-स्टे, ऑनलाइन ऑर्डर के जरिए पर्यटकों को नॉनवेज भोजन और शराब परोसी जा रही थी। इन शिकायतों के बाद प्रशासन ने ऑनलाइन नॉनवेज सप्लाई पर भी पूरी तरह रोक लगा दी।
उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
सहायक खाद्य आयुक्त की ओर से सभी प्रतिष्ठानों को स्पष्ट आदेश जारी कर दिए गए हैं कि नियम तोड़ने पर लाइसेंस रद्द किया जाएगा। नियमित निगरानी की जाएगी। शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई होगी।
राम पथ पर शराब और मांस पहले से प्रतिबंधित
गौरतलब है कि पिछले साल मई में नगर निगम ने अयोध्या और फैजाबाद को जोड़ने वाले 14 किलोमीटर लंबे राम पथ पर शराब और मांस की बिक्री पर पहले ही प्रतिबंध लगा दिया था।हालांकि, शराब बिक्री पर प्रतिबंध का पूरी तरह असर अब तक नहीं दिख पाया है।
अब भी खुलेआम बिक रही है शराब
स्थानीय लोगों का कहना है कि राम पथ पर अब भी दो दर्जन से ज्यादा दुकानें खुलेआम शराब बेच रही हैं। इस पर एक नगर निगम अधिकारी ने बताया कि मांस की दुकानें हटाई जा चुकी हैं। शराब की दुकानों पर कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन की अनुमति जरूरी है।
प्रशासन की सख्त निगरानी जारी
सहायक खाद्य आयुक्त माणिक चंद्र सिंह ने कहा कि “शिकायतें मिलने के बाद ऑनलाइन मांसाहारी भोजन की आपूर्ति पर रोक लगाई गई है। सभी होटल, दुकानदार और डिलीवरी कंपनियों को सूचना दे दी गई है। नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी की जाएगी।”
ये भी पढ़ेंः बजट से पहले पेट्रोल-डीजल और CNG कें कीमतों में आई हलचल… जानिए आज कें लेटेस्ट रेट

