Last Updated: October 15, 2026

Dainik Savera Times Logo

Baghpat Laddu Festival Accident : CM Yogi और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने हादासे पर जताया दुख

January 28, 2025

Baghpat Laddu Festival Accident : CM Yogi और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने हादासे पर जताया दुख

Baghpat Laddu Festival Accident : उत्तर प्रदेश के बागपत में मंगलवार को निर्वाण लड्डू पर्व के दौरान मचान के ढहने से सात लोगों लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि इस हादसे में 40 से अधिक लोग घायल हुए हैं। यह हादसा बड़ौत शहर कोतवाली क्षेत्र के गांधी रोड पर मंगलवार सुबह हुआ। भगवान आदिनाथ के निर्वाण लड्डू पर्व पर मानस्तम्भ परिसर में बल्लियों से बना मचान ढह गया। इस घटना में करीब 50 से अधिक श्रद्धालु इसके नीचे दब गए, जिनमें सात लोगों की जान चली गई है।

इस हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया। सीएम योगी ने एक्स हैंडल पर लिखा, ‘जनपद बागपत में दुर्भाग्यपूर्ण घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। जिला प्रशासन के अधिकारियों को राहत कार्यों को तेजी से संचालित करने तथा घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।‘

यूपी के पूर्व सीएम और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी हादसे पर दुख जताया। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘बड़ौत, बागपत में जैन समुदाय के एक धार्मकि समारोह में हुआ हादसा बेहद दुखद है। यूपी सरकार इसे गंभीरता से ले और सबसे पहले हादसे का शिकार हुए लोगों को राहत पहुंचाते हुए, अच्छे से अच्छा उपचार सुनिश्चित करे। शासन-प्रशासन के स्तर पर सुरक्षा मानकों की जो भूल हुई है, उसकी सघन जांच हो और जिम्मेदारी सुनिश्चित करते हुए दंडात्मक कार्रवाई हो और ऐसे रक्षात्मक सुधार किए जाएं, जिनसे भविष्य में ऐसे हादसे न हों। ऐसे हादसों के लिए सरकार अपनी जिम्मेदारी से भाग नहीं सकती है।‘

यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा, कि ‘जनपद बागपत के बड़ौत में दुर्भाग्यपूर्ण घटना अत्यंत कष्टदायक है। जिला प्रशासन के अधिकारियों को राहत कार्यों को तेजी से संचालित करने तथा घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।‘

इससे पहले बागपत के एसपी अर्पिता विजयवर्गीय ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया था, ‘बड़ौत थाना क्षेत्र में एक धार्मिक कार्यक्रम चल रहा था। जैन समुदाय द्वारा मंदिर में लड्डू चढ़ाने का कार्यक्रम था। कुछ लोग बल्ली से बने मचान पर चढ़े हुए थे, तभी वह टूटकर गिर गया और लोग घायल हो गए, जिनमें से कुछ लोगों को सामान्य चोटें आई हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।‘

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें