Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

खुश होकर स्कूल गया था सातवीं का छात्र, गेट पर ही थम गई सांसें… कितना खतरनाक है Silent Heart Attack

July 4, 2025

खुश होकर स्कूल गया था सातवीं का छात्र, गेट पर ही थम गई सांसें… कितना खतरनाक है Silent Heart Attack

Silent Heart Attack : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक बेहद दुखद और दिल को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक 12 साल के बच्चे की स्कूल गेट पर ही अचानक मौत हो गई। यह घटना बाराबंकी के देवा थाना क्षेत्र के घेरी बिशुनपुर गांव की है। बच्चे की अचानक मौत से न केवल उसके परिवार बल्कि पूरे गांव और स्कूल में शोक की लहर फैल गई है।मंगलवार की सुबह 7वीं कक्षा का छात्र अखिल प्रताप सिंह, जो सेंट एंथोनी स्कूल में पढ़ता था, अपने पापा के साथ कार में स्कूल पहुंचा। वह पूरी तरह खुश था और बैग लेकर स्कूल गेट की ओर चल पड़ा। लेकिन जैसे ही वह गेट के पास पहुंचा, अचानक चक्कर खाकर जमीन पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही गई जान

बच्चे को तुरंत नजदीकी अवध चिल्ड्रेन हॉस्पिटल ले जाया गया। लेकिन वहां उसकी हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे लखनऊ के चंदन हॉस्पिटल रेफर कर दिया। अफसोस की बात यह रही कि लखनऊ पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बिल्कुल स्वस्थ था बच्चा, कोई बीमारी नहीं थी

परिजनों ने बताया कि अखिल पूरी तरह स्वस्थ था। उसे किसी भी तरह की कोई बीमारी नहीं थी और न ही वह किसी दवाई का सेवन कर रहा था। वह स्कूल खुलने को लेकर काफी उत्साहित था। उसके परिवार को उसकी इस असमय मौत से गहरा सदमा पहुंचा है। उसकी मां बेसुध हो गई है और गांव के लोग भी बहुत दुखी हैं।

‘साइलेंट अटैक’ की आशंका, जांच जारी

शुरुआती जांच में डॉक्टरों को संदेह है कि यह मामला ‘साइलेंट हार्ट अटैक’ का हो सकता है। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। डॉक्टरों का कहना है कि ऐसी घटनाएं दुर्लभ होती हैं, लेकिन अचानक दिल का दौरा पड़ना एक संभावना हो सकती है।

इलाके में पसरा मातम 

अखिल की अचानक मौत से स्कूल में गहरा सन्नाटा छा गया है। सभी शिक्षक और छात्र भी इस घटना से बहुत दुखी हैं। स्कूल प्रबंधन ने भी इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है और परिवार के साथ संवेदना व्यक्त की है।

क्यों आते हैं साइलेंट अटैक

एक वरिष्ठ डाक्टर ने जानकारी देते हुए बताया कि साइलेंट हार्ट अटैक में लक्षण प्रतीत नहीं होते हैं, लेकिन बीमारी अवश्य रहती है। कभी-कभी सोचने या शोक वाली न्यूज सुनने से बच्चों को साइलेंट अटैक आ जाता है। इसका बचाव सिर्फ बच्चों को मोबाइल से दूर रखा जाए। साइलेंट हार्ट अटैक की वजह से सीने में दर्द या सांस लेने में तकलीफ नहीं होती, जो आमतौर पर हार्ट अटैक से जुड़े होते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें