उत्तर प्रदेश। जिले के चोला थाना क्षेत्र के खानपुर गांव में एक शादी समारोह खुशी का मौका नहीं, बल्कि बड़ा हादसा बन गया। जहां, शादी के दौरान की गई हर्ष फायरिंग में एक भाजपा कार्यकर्ता की जान चली गई। जानकारी के मुताबिक, ककोड़ थाना क्षेत्र के अजय नगर से शिवम की बारात 27 नवंबर की रात खानपुर गांव पहुंची थी। सभी रस्में चल रही थीं और माहौल खुशियों से भरा हुआ था।
इसी दौरान लड़की पक्ष की ओर से आए सुग्रीव सोलंकी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से हर्ष फायरिंग करने की कोशिश की। बताया गया कि वह कई बार ट्रिगर दबा रहा था, लेकिन पिस्टल नहीं चल रही थी। जबरदस्ती फायर करवाने की कोशिश में अचानक गोली चल पड़ी।
गोली भाजपा कार्यकर्ता को लगी गोली
जब गोली चली, तो ठीक सामने कुर्सी पर बैठे भाजपा कार्यकर्ता धर्मेंद्र भाटी बैठे थे। अचानक चली गोली उनकी छाती में जा लगी। घटना होते ही वहां अफरातफरी मच गई।
अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
घायल धर्मेंद्र भाटी को तुरंत नोएडा के अस्पताल ले जाया गया। लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। उनके निधन की खबर से परिवार और शादी में शामिल सभी लोग सदमे में आ गए। खुशी का माहौल देखते ही देखते मातम में बदल गया।
पुलिस मौके पर पहुंची
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। अपर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शंकर प्रसाद और चोला थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी बलराम सिंह सेंगर के अनुसार, अभी तक कोई लिखित शिकायत (तहरीर) नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही आरोपित सुग्रीव सोलंकी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
एक चूक, एक लापरवाही और एक गलत परंपरा की वजह से पूरे परिवार की खुशियाँ पलभर में दुख में बदल गईं। यह घटना बताती है कि शादी या किसी भी समारोह में हर्ष फायरिंग कितनी खतरनाक हो सकती है।

