सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्टार प्रचारक बनकर व्यस्त है और उनका प्रशासनतंत्र अपराधियों के आगे पस्त है। आम जनता निकाय चुनावों में ही भाजपा को करारा सबक सिखाकर वर्ष 2024 के लोकसभा चुनावों में भाजपा की पराजय की पटकथा लिख देगी। अखिलेश ने कहा कि दिन दहाड़े अपराधिक घटनाएं हो रही है, पर दावा किया जाता है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था ठीकठाक है। जनता भी जान गई है कि भाजपा को भ्रामक प्रचार करने में महारत हासिल है। प्रदेश में हर दिन लूट, हत्या, छेड़छाड़ और दुष्कर्म की घटनाएं होती हैं। पुलिस ज्यादातर मामलों में पीड़िता की मदद के बजाय अपराधी तत्वों के ही पक्ष में दबाव बनाने का काम करती है। लचर विवेचना और अभियोजन में लापरवाही से तमाम अपराधी छूट जाते हैं। भाजपा राज में कानून व्यवस्था बुरी तरह चौपट है। महिलाएं और बच्चियां असुरक्षित हैं। जनता इस सबसे ऊब चुकी है।