Site icon Dainik Savera Times

ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी पर साधा निशाना, कहा- सपा की कथनी और करनी से प्रदेश की जनता वाकिफ

बलिया। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने गुरुवार को समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधा। उपमुख्यमंत्री ने बलिया में मीडिया से बात करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता सपा की करनी और कथनी को अच्छे से जानती है। मायावती के बयान कि दलित वोटों के स्वार्थ के लिए समाजवादी पार्टी किसी भी हद तक जा सकती है के सवाल पर ब्रजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी की कथनी और करनी को प्रदेश के लोग अच्छी तरह से जानते हैं। जब-जब सपा सूबे में सत्ता में रही, समाजवादी पार्टी के गुंडे माफियाओं ने ही दलितों पर अत्याचार किए हैं।

उन्होंने आगे कहा कि जब ये सत्ता में आए, तो इन्होंने कई बार दलित महापुरुषों, विशेष रूप से बाबासाहेब की मूर्तियों को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये केवल बहरूपिये हैं, वोट लेने की खातिर ऐसे कारनामे कर रहे हैं। लेकिन जनता सच्चाई समझती है। समाजवादी पार्टी कभी भी दलितों का सम्मान नहीं कर सकती, दलित महापुरुषों का सम्मान नहीं कर सकती है। जब लोकसभा में प्रमोशन में आरक्षण का बिल आया था, तब समाजवादी पार्टी के लोगों ने ही बिल फाड़ने का काम किया था। समाजवादी पार्टी को कभी भी प्रदेश की जनता स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि जब-जब सपा सत्ता में आई तब-तब गुंडे बढ़े हैं, और हमारी सरकार में प्रदेश से बाहर हैं।

क्या मुर्शदिाबाद में हिंदू सुरक्षित हैं के सवाल पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि पूरे पश्चिम बंगाल में सनातन धर्म को स्वीकार नहीं किया जा रहा। पश्चिम बंगाल में हिंदू भाई-बहनों पर हमले हो रहे हैं। पश्चिम बंगाल की जनता समय आने पर ममता बनर्जी को इसका खामियाजा देगी। आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। वहीं, अखिलेश यादव द्वारा ईडी को समाप्त करने के बयान पर ब्रजेश पाठक ने कहा कि अखिलेश यादव हमेशा संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाते हैं। समय आने पर अखिलेश यादव को इसका हजर्ना भुगतना पड़ेगा।

ये भी पढ़ें: होर्मुज तनाव और युद्धविराम की अनिश्चितता से कच्चा तेल 4% तक महंगा

Exit mobile version