Site icon Dainik Savera Times

आपसी विवाद को लेकर मुख्य आरक्षी ने शिक्षक की गोली मारकर हत्या की

मुजफ्फरनगर। वाराणसी से बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं लेकर मुजफ्फरनगर एसडी इंटर कॉलेज आए एक शिक्षक की पुलिस के एक मुख्य आरक्षी ने आपसी विवाद के बाद गोली मारकर हत्या कर दी। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) सत्यनारायण प्रजापत ने सोमवार को यहां बताया कि वाराणसी के शिक्षा विभाग की एक टीम पुलिस की सुरक्षा में मुजफ्फरनगर के सिविल लाइंस क्षेत्र में स्थित एसडी इंटर कॉलेज में बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं लेकर आई थी। शिक्षा विभाग की टीम में शिक्षक धर्मेंद्र कुमार, संतोष कुमार और दो चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी शामिल थे। कॉलेज का द्वार बंद होने के कारण टीम के सदस्य वाहन में ही बैठे हुए थे।

उन्होंने बताया कि रविवार रात को कॉलेज के बाहर वाहन में सोते समय शिक्षक धर्मेंद्र और मुख्य आरक्षी चंद्र प्रकाश के बीच किसी बात को लेकर झड़प हो गई तथा इसी दौरान चंद्र प्रकाश ने अपनी सरकारी बंदूक से धर्मेंद्र को गोली मार दी। प्रजापत ने बताया कि गंभीर रूप से घायल शिक्षक धर्मेंद्र कुमार को अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शिक्षक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी मुख्य आरक्षी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version