Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

मुख्यमंत्री योगी ने सुनी 200 से अधिक की फरियाद

August 24, 2023

मुख्यमंत्री योगी ने सुनी 200 से अधिक की फरियाद

लखनऊः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को अपने सरकारी आवास पर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में 200 से अधिक लोगों की समस्यायों को सुना और उन्हे त्वरित न्याय का भरोसा दिलाया। उन्होने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं को गंभीर, संवेदनशील होकर ध्यान से सुनें और त्वरित निस्तारण कराएं, जिससे किसी को भी परेशान न होना पड़े। जरुरतमंदों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए। इलाज में सरकार से आर्थिक सहायता की जिन्हें आवश्यकता है, उनके एस्टिमेट की प्रक्रिया को शीघ्रता से पूर्ण कराया जाए। यदि कहीं कोई जमीन कब्जा या दबंगई कर रहा हो तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। निष्पक्ष रुप से हर पीड़ित की समस्या का निस्तारण उसकी संतुष्टि के अनुरुप किया जाना सुनिश्चित होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने करीब 200 से अधिक लोगों की समस्याओं को सुना। कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक वह खुद पहुंचे और एक-एक कर सबकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने सबको आश्वस्त किया कि किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। सबके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण का निर्देश देने के साथ लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या का समाधान कराएगी।

जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार इलाज के लिए भरपूर मदद करेगी। राजस्व व पुलिस से जुड़े मामलों को सीएम ने पूरी पारदर्शिता व निष्पक्षता के साथ निस्तारित करने के निर्देश दिए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें