Site icon Dainik Savera Times

CM योगी ने International Cricket Stadium का किया भूमि पूजन, कहा- गोरखपुर में बनवाएंगे विश्व स्तरीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स

CM Yogi Groundbreaking ceremony

गोरखपुर:  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का भूमि पूजन और शिलान्यास करने के साथ ही ऐलान किया कि क्रिकेट स्टेडियम के बगल में रिजर्व कराई गई 60 एकड़ भूमि पर विश्व स्तरीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी की मौजूदगी में योगी ने शनिवार को गोरखपुर के ताल नदोर में करीब 393 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। उन्होने इस अवसर पर कहा कि यहां 46 एकड़ में 30 हजार दर्शकों की क्षमता का इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम तो बनेगा ही और इसके बगल की 60 एकड़ भूमि पर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भी बनाएंगे।

 

उन्होंने कहा कि इस कॉम्प्लेक्स में हर तरह के इनडोर गेम्स की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। वहां हॉकी और अन्य आउटडोर गेम्स भी हो सकेंगे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनने से इस क्षेत्र में होटल, रेस्त्रां, मार्केट की नई श्रृंखला भी तैयार होगी और बड़ी संख्या में नए रोजगार भी सृजित होंगे।

आज से पांच वर्ष पहले यह क्षेत्र बंजर पड़ा था
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से पांच वर्ष पहले यह क्षेत्र बंजर पड़ा था। यह क्षेत्र उपेक्षित था जिसकी मर्जी होती वह जमीन कब्जा कर लेता था। अब यहां की जमीन कब्जामुक्त है। साथ ही डबल इंजन सरकार इस भूमि पर नौजवानों के भविष्य को तराशने का एक बेहतरीन प्लेटफॉर्म उपलब्ध करवा रही है।

उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम को युवाओं और भावी पीढ़ी के सपनों को साकार करने के लिए उत्कृष्ट उपहार बताया और कहा कि सरकार के पास भूमि होगी तो उसका उपयोग लोककल्याण के लिए होगा। अगर सरकार की भूमि पर कोई कब्जा करेगा तो वह व्यक्ति विशेष अपने तरीके से दुरुपयोग करेगा इसलिए सरकारी भूमि का उपयोग लोककल्याण कार्य और विकास की परियोजना की दृष्टि से होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसी विजन से ताल नदोर में पशु चिकित्सा महाविद्यालय की स्थापना भी की जा रही है।

Exit mobile version