Site icon Dainik Savera Times

पहलगाम हमले के बाद आपत्तिजनक पोस्ट डालने के आरोप में गायिका नेहा राठौर के खिलाफ शिकायत दर्ज

गाजियाबाद (उप्र): लोनी से भाजपा के विधायक नंद किशोर गुजर्र ने पहलगाम में आतंकी हमले के बाद सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट डालने के लिए भोजपुरी गायिका नेहा राठौर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस के मुताबिक, गाजियाबाद के लोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में गुजर्र ने मांग की है कि नेहा राठौर पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका एनएसए) के तहत मामला दर्ज किया जाए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राठौर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की एजेंट हैं और उनका आतंकी समूह टीआरएफ (द रेसिस्टेंट फ्रंट) से संबंध है।

शिकायत में कहा गया है कि गायिका अपने ट्वीट और वीडियो के जरिए पाकिस्तान के पक्ष में सहानुभूति पैदा करने की कोशिश कर रही हैं और पहलगाम आतंकी हमले के बाद एक ओर पूरा देश पाकिस्तान के खिलाफ एकजुट है, जबकि वह आईएसआई एजेंट के तौर पर काम कर रही हैं।

इस बीच, पुलिस उपायुक्त (ग्रामीण) सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि पुलिस को रविवार को भाजपा विधायक गुजर्र की ओर से शिकायत मिली है और मामले की जांच की जा रही है।

लखनऊ पुलिस ने लोक गायिका राठौर के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर देशद्रोह का मामला दर्ज किया है।अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी थी।

अभय प्रताप सिंह द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, उन्होंने आरोप लगाया कि राठौर ने ‘एक्स’ पर पोस्ट की गई पोस्ट से एक समुदाय को दूसरे के खिलाफ भड़काने का प्रयास किया और इससे राष्ट्रीय अखंडता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

ये भी पढ़ें- ‘पंप-एंड-डंप’ मामले में Elitecon International Limited पर शिकंजा, Securities and Exchange Board of India की जांच शुरू

Exit mobile version